शराब के ठेके में घुसकर लूटपाट, विरोध करने पर सेल्समैन को मारी गोली, बदमाशों ने ऐसे वारदात को अंजाम
सहारनपुर में बदमाशों ने शराब की दुकानों को निशाना बनाया। नकुड़ के ग्राम खेड़ा अफगान स्थित शराब के ठेके पर मोटरसाइकिल सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने शराब खरीदने के बहाने लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने सेल्समैन को गोली मार दी। उसे बचाने आए ठेकेदार के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। जिससे सेल्समैन और ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। उसके बाद बदमाशों ने अंग्रेजी शराब के ठेके से 20 हजार रुपये और वहीं के देसी शराब के ठेके से 42 हजार रुपये लूट लिए और तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। रामपुर मनिहारान के ग्राम गांव खटकाहेड़ी में भी बदमाशों ने शराब की दुकानों पर लूट की। बदमाशों ने तमंचे से फायर किया। जिसमें सेल्समैन बाल-बाल बचा।
नकुड़ के खेड़ा अफगान गांव में फंदपुरी मार्ग पर शराब की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी चेहरे पर को कपड़े से ढक कर पहुंचे थे। उनमें से एक बदमाश ने दुकान से लगभग 100 मीटर दूर स्टार्ट कर बाइक खड़ी कर दी। जबकि दो बदमाश दुकान में पहुंच गए। दोनों ने ही चेहरे को ढक रखा था। उन्होंने पहले तो दुकान पर मौजूद अंशुल से शराब मांगी। जैसे ही वह ताला खोलकर शराब लेने के लिए दुकान में घुसा पीछे से बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया और उससे 20 हजार रुपये लूट लिए। यह देख ठेकेदार राजेंद्र निवासी ग्राम दूधला ने एक बदमाश को पकड़ लिया। जिस पर दूसरे बदमाश ने उनके सिर पर तमंचे की बट मार दी। जिससे वह घायल हो गए। इसी दौरान सेल्समैन प्रदीप निवासी बुल्लेवाला उसे बचाने के लिए आगे आया तो बदमाश ने पहले उसके पेट में गोली मार दी। जब वह गिर पड़ा तो फिर पीछे एक और गोली मार दी।
इसके बाद बदमाशों ने फायरिंग करते हुए देशी शराब के ठेके से 42 हजार रुपये और लूट लिए और तमंचे लहराते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। रात में ही एसपी देहात विद्यासागर मिश्र मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इस मामले में राजेंद्र ने अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बदमाशों को स्थानीय होने की आशंका
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र का कहना है कि जिस प्रकार बदमाश चेहरा ढक कर आए थे। उससे यह प्रतीत हो रहा है कि बदमाश आसपास के ही रहने वाले हैं, कोई उन्हें पहचान न ले, इसलिए चेहरा छुपाकर आए थे। पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
दो गोली लगीं हैं प्रदीप को, खतरे से बाहर
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि घायल प्रदीप को बदमाशों ने दो गोली मारीं हैं। एक गोली पेट में लगी है और एक गोली पीछे कमर में मारी है। घायल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।
चार टीमों को लगाया गया
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि तीन से चार लोगों के विरुद्ध लूट व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश में चार टीमों स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, अभिसूचना विंग और नकुड़ थाना पुलिस को लगाया गया है। जल्द की घटना का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
दस दिन में कई घटनाएं
दस दिन में नकुड़ क्षेत्र में कई बड़ी आपराधिक घटनाएं घट जाने से क्षेत्र के लोगों में भय व्याप्त हो गया है। क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों का सिलसिला 9 मई की रात से शुरू हुआ। नौ मई की रात को देदपुरा गांव के पास किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन ओमबीर सिंह की उसके साले ने गोली मारकर हत्या की दी। 13 मई को ग्राम उमाही में पुलिस वाले बदमाशों ने गेहूं व्यापारी के यहां डकैती डाली।
इसके बाद 16 मई की रात को खेड़ा अफगान गांव में तरबूज कम तौलने को लेकर दो पक्षों में सड़क पर ही जमकर लाठी डंडे चले थे। इसमें पुलिस ने सात लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया था। इसके बाद 17 मई की रात को ही फिर से खेड़ा अफगान गांव में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने शराब की दुकान पर फायरिंग करते हुए वारदात को अंजाम दे दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/