नीली बत्ती गाड़ी में बदमाश हैं... पकड़ो, पकड़ो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय मार्ग पर नीली बत्ती लगी गाड़ी दो कार और एक बाइक को टक्कर मारकर भागी है। गाड़ी में बदमाश हैं, पब्लिक ने उनको पीटा है। गढ़ रोड की तरफ गाड़ी भागी है। सूचना वायरलेस सेट पर फ्लैश होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस नीली बत्ती गाड़ी की घेराबंदी करती कि उसमें सवार दो युवक और दो युवती दूसरी गाड़ी मंगवाकर फरार हो गए। बाद में पता चला कि गाड़ी पावर कारपोरेशन के एमडी की है। चर्चा यह भी रही कि उसमें हरिद्वार के बड़े अधिकारी भी सवार थे, हालांकि किसी ने इसकी पुष्टि नहीं की।
हादसा बुधवार रात करीब 10 बजे का है। नीली बत्ती लगी गाड़ी में सवार दो युवक और दो युवती जेल चुंगी से तेजगढ़ी चौराहे की तरफ जा रहे थे। तेजगढ़ी चौराहे के पास इस गाड़ी ने ऑल्टो कार को टक्कर मारी। शोर मचने पर गाड़ी चालक ने एक इंडिका कार और फिर एक बाइक सवार युवक को टक्कर दे मारी। लोगों ने घेराबंदी कर नीली बत्ती लगी गाड़ी को पकड़ा और उसमें सवार दोनों युवकों की पिटाई करनी शुरू कर दी। दोनों युवक किसी तरह भीड़ से छूटकर वहां से गाड़ी लेकर गढ़ रोड की तरफ भागे।
लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि नीली बत्ती गाड़ी में बदमाश कई वाहनों में टक्कर मारकर भागे हैं। गाड़ी में सवार बदमाशों के साथ दो युवतियां भी हैं, जोकि शराब के नशे में धुत है। वायरलेस सेट पर सूचना फ्लैश होते ही पुलिस ने शहर में चेकिंग शुरू करा दी। इससे पहले पुलिस गाड़ी की घेराबंदी करती कि उसमें सवार दोनों युवक युवतियों को लेकर दूसरी गाड़ी में बैठकर भागे गए। मेडिकल पुलिस गाड़ी को क्रेन से उठवाकर थाने ले आई।
पावर कारपोरेशन के एमडी की गाड़ी
कार्यवाहक एसओ मेडिकल थाना विनोद कुमार ने बताया कि यह नीली बत्ती लगी गाड़ी पावर कारपोरेशन के एमडी की है। गाड़ी में दो युवक और दो युवती कौन थीं, इसका अभी तक पुलिस को पता नहीं लगा है। गाड़ी सीज कर दी गई है। बाइक सवार प्रदीप तोमर निवासी भावनपुर घायल हुआ था। जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
नशे में धुत थे गाड़ी में युवक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नीली बत्ती गाड़ी में सवार युवक और युवतियां शराब के नशे में धुत थे। हादसा होने पर गाड़ी में सवार एक युवक ने खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताया तो दूसरे युवक ने खुद को हरिद्वार में एक बड़ा अधिकारी होना बताया। जबकि दोनों युवतियों कौन थी, इसके बारे में उन्होंने कुछ नहीं बताया।
कहां चली गईं युवतियां
पावर कारपोरेशन के एमडी की गाड़ी से हादसा हुआ। गाड़ी में कौन-कौन थे, इसके बारे में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है। बड़ा सवाल है कि नीली बत्ती गाड़ी में दोनों युवकों के साथ दो युवतियां कौन थीं और हादसे के बाद वह कहां चली गई, इसका जवाब किसी के पास नहीं है।
‘मै नहीं चाहता कार्रवाई’
मेडिकल इमरजेंसी में भर्ती घायल प्रदीप तोमर निवासी पंचगांव पट्टी, भावनपुर ने बृहस्पतिवार दोपहर मेडिकल थाने में लिखकर दिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं कराना चाहता। उसने बताया कि सामने से एक ट्रक आ गया था। अचानक ब्रेक लगने पर एक नीली बत्ती लगी गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मारी, जिससे उसे चोट आई है।