बागपत: दूध विक्रेता की बेरहमी से हत्या, खेत में मिला अधजला शव, जांच-पड़ताल जारी
उत्तर प्रदेश के बागपत में मंगलवार को एक दूध की सप्लाई करने वाले व्यक्ति का अधजला शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक बागपत के खेकड़ा थाना क्षेत्र में निवासी मोहल्ला अहिरान 50 वर्षीय राकेश पुत्र श्रीपाल यादव अमूल दूध की सप्लाई का कार्य करता था। वह सोमवार शामको घर से दूध लाने के लिए निकला था लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा काफी तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह राकेश का शव जंगल में बसी रोड पर गन्ने के खेत में अधजली अवस्था में मिला। जानकारी लगने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद शव को जलाया गया है मामले की परिजनों की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।