यूपी: मुकदमे की पैरवी करने पर बसपा नेता की गोली मारकर हत्या, दो बार लड़ चुके थे चुनाव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शामली जनपद के हरड़ फतेहपुर गांव में एक जमीन के विवाद में पैरवी करने पर बसपा नेता शौकत उर्फ मांगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके सिर और कमर में दो गोलियां मारी गई हैं। शौकत जमीन के एक विवाद में जिस पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे थे, वह पक्ष मंगलवार को मुकदमा जीत गया था। इसी की रंजिश को घटना के पीछे वजह बताया जा रहा है।
मृतक शौकत उर्फ मांगा (50) पुत्र रहमू गांव हरड़ फतेहपुर के रहने वाले थे और वह दो बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़े, लेकिन दोनों बार चुनाव हार गए। बसपा सरकार में उनकी गिनती पार्टी के तेज तर्रार नेताओं में होती थी। गांव में 40 बीघा जमीन को लेकर चल रहे दो पक्षों के बीच मुकदमे में वह एक पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे थे।
मंगलवार को वह कोर्ट गए थे और शाम करीब सात बजे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर हींड पुलिया के निकट हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो गए।
पुलिस उन्हें शामली के एक निजी चिकित्सक के यहां ले गई, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एएसपी शामली राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि संभवत: जमीन विवाद की पैरवी करने की वजह से शौकत की हत्या की गई है। बाकी परिजनों की तहरीर आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। शौकत के सिर में सटाकर गोली मारी गई है। एक गोली कमर में लगी है। इससे साफ है कि हत्या पूर्व नियोजित और रंजिशन है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/