फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   लुटेरों के हवाले शहर, सुबह से शाम तक लूटपाट

लुटेरों के हवाले शहर, सुबह से शाम तक लूटपाट

Wed, 22 Aug 2018 02:00 AM IST
Updated Wed, 22 Aug 2018 02:00 AM IST
विज्ञापन
लुटेरों के हवाले शहर, सुबह से शाम तक लूटपाट
मेरठ। पुलिस ने बदमाशों को जैसे खुली छूट दे दी है। तीन दिन से शहर में रोजाना लूटपाट हो रही है। मंगलवार को पांच जगह बदमाशों ने पर्स, चेन और मोबाइल लूट लिए। इनमें तीन घटनाओं को पुलिस छिपाने में लगी रही। कंट्रोल रूम के चेकिंग के निर्देश के बावजूद पुलिस थानों से हिली तक नहीं। एसपी सिटी जांच करने ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मी सोते मिले।
विज्ञापन

पर्स लुटा, पुलिस नहीं पहुंची
पूर्वाह्न 11:00 बजे। जेल चुंगी चौराहे के पास सलमा पत्नी मेहराजुद्दीन ई-रिक्शा से जा रही थी। बाइक सवार दो बदमाशों ने सलमा से पर्स छीन लिया। पर्स में 15 सौ रुपये व सोने की अंगूठी थी। सलमा के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने इसकी सूचना जेल चुंगी पुलिस चौकी को दी। लेकिन पुलिस ने शिकायत नहीं सुनी। घटनास्थल सिविल लाइन क्षेत्र का बताया गया। लेकिन चौकी मेडिकल थाने की थी। जिसके चलते उन्होंने शिकायत नहीं सुनी। बाद में सलमा बिना कार्रवाई घर चली गई।
विज्ञापन

चलते टेंपो में मोबाइल छीना
दोपहर 2:00 बजे। बच्चा पार्क पर हरवीरी पति अनिल के साथ टेंपो से बेगमपुल की तरफ जा रही थीं। पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर हरवीरी से मोबाइल फोन छीन लिया। हरवीरी के शोर मचाने पर चालक ने टेंपो रोका, लेकिन लुटेरे फरार हो चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही।
विज्ञापन
विज्ञापन

शिक्षिका से चेन छीनी
मध्याह्न 3:00 बजे। सरस्वती लोक कॉलोनी ब्रह्मपुरी निवासी सेंट मैरी में शिक्षिका सोनिया शर्मा स्कूल की छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रही थीं। मेवला फाटक के पास पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोनिया से चेन छीन ली। सोनिया इस दौरान स्कूटी से गिरने से बचीं। सोनिया ने बदमाशों की बाइक का सरस्वती लोक के गेट तक पीछा भी किया। लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। सूचना पर यूपी-100 पुलिस मौके पर पहुंची और नाम, पता नोट कर चली गई। थाना पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की।
रिटायर्ड जेई की पत्नी को लूटा
शाम 4:00 बजे। मुजफ्फरनगर निवासी बिजली विभाग से रिटायर्ड जेई एसके वर्मा मंगलवार को पत्नी कुसुम और बेटी निकिता के साथ सिविल लाइन में एक डॉक्टर के क्लीनिक पर आए थे। एनएएस कॉलेज के सामने बाइक सवार बदमाशों ने कुसुम के चेन लूट ली और सुभाष नगर की तरफ फरार हो गए। सूचना पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन लुटेरों को पकड़ने के बजाय मामले को छुपाने में लगी रही।
महिला से पर्स छीना
शाम 4:15 बजे। बागपत रोड पर मलियाना पुल के पास अलका पत्नी नरेंद्र निवासी मुलतान नगर से बदमाशों ने पर्स लूट लिया। दंपति बाइक से घर लौट रहा था। पर्स में पांच हजार रुपये, मोबाइल और घर की चाबियां थीं। सूचना पर पुलिस नहीं पहुंची तो लोगों ने हंगामा कर दिया। उसके बाद फैंटम पुलिस पहुंची। लोगों ने टीपीनगर में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ने की बात कहकर नाराजगी जताई।
तीन दिन में 14 लूट
शहर में तीन दिन में लूट की वारदात हो चुकी हैं। इसके बावजूद भी पुलिस चेकिंग नहीं कर रही है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। रविवार को शहर में छह, सोमवार को तीन और मंगलवार को लूट की पांच वारदात हुई हैं। लेकिन पुलिस शिकंजा कसने में फेल साबित हो रही है।

ब्रह्मपुरी पुलिस की जांच बैठी
शहर में ताबड़तोड़ घटनाएं होने पर एसपी सिटी ने शाम 4:45 बजे वायरलेस सेट पर सभी थानेदारों को निर्देश दिए कि सड़कों पर चेकिंग करें। चौकी इंचार्ज बाइक सवारों की चेकिंग करे। एसपी सिटी के निर्देश को कई थानेदारों ने हवा में उड़ा दिया। एसपी सिटी इसकी जांच करने खुद निकले। ब्रह्मपुरी थाने में दोनों गाड़ियां खड़ी थीं और पुलिसकर्मी क्वार्टरों में सो रहे थे। जिस पर एसपी सिटी ने कंट्रोल रूम में ब्रह्मपुरी पुलिस की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने ब्रह्मपुरी थाना पुलिस की जांच बैठा दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed