क्राइम ब्रांच टीम को नहीं मिला सिगरेट कारोबारी का सुराग, अपहरण की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में साकेत के नामी सिगरेट कारोबारी का सोमवार दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा। क्राइम ब्रांच टीम समेत पुलिस की तीन टीमें उनकी तलाश में लगी हैं। उनकी आखिरी लोकेशन हापुड़ में बताई गई। जिसके चलते हापुड़ में भी कांबिग हुई। पुलिस का दावा है कि पारिवारिक विवाद के चलते कारोबारी लापता हुआ है। सीसीटीवी कैमरे और सर्विलांस के जरिये पुलिस उनका पता लगाने में जुटी है।
सिविल लाइन थानाक्षेत्र के साकेत आशियाना अपार्टमेंट के डी-76 निवासी सिगरेट कारोबारी श्याम मोहन गर्ग (70) रविवार दोपहर से लापता हैं। परिजन अपहरण की आशंका जता चुके हैं। सोमवार को क्राइम ब्रांच प्रभारी संजीव यादव और पुलिस टीमों ने कारोबारी के बेटे अंकुश और पुत्रवधू समेत कई लोगों से जानकारी ली। पुलिस का दावा है कि परिवार से पूछताछ, सर्विलांस से लोकेशन और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच पड़ताल से स्पष्ट हुआ है कि श्याम मोहन के लापता होने के पीछे कोई पारिवारिक विवाद है।
श्याम मोहन व उनके बेटे अंकुश के पास पान मसाला, बीड़ी और सिगरेट की एजेंसियां हैं। दिन भर पुलिस की टीमें उनकी तलाश में लगी रहीं। वहीं, अंकुश ने संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता के साथ एसएसपी से मिलकर पिता का जल्द पता लगाने की मांग की।
15 दिन पहले आया था अटैक
पुलिस के मुताबिक अंकुश ने बताया कि उनके पिता को 15 दिन पहले पोलियो अटैक आया था। उसके बाद से श्याम मोहन के पैरों में दर्द रहता था। वह ज्यादा दूर भी नहीं चल सकते हैं। आसपास के लोगों से भी उनका अच्छा व्यवहार था। कभी किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ। कारोबार में भी कोई ऐसी बात नहीं है।
एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि अभी तक की जांच में यही सामने आया है कि परिवार के किसी विवाद में श्याम मोहन गर्ग घर से बिना बताए निकले हैं। विवाद का कारण जानने के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच परिजनों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है।
जौली एलएलबी देख रहे थे
क्राइम ब्रांच टीम को परिजनों ने बताया कि श्याम मोहन गर्ग रविवार दोपहर टीवी पर जौली एलएलबी मूवी देख रहे थे। इसी दौरान वह अचानक उठे और बोले कि मैं ऑफिस तक जा रहा हूं। घर से ऑफिस की दूरी करीब 300 मीटर होगी। दो घंटे बाद अंकुश ने पिता के बारे में पूछा, तब जाकर श्याम मोहन के लापता होने का पता चला।