मेरठ: कोरोना की होगी हार, टीकाकरण 10 हजार के पार, खरखौदा सीएचसी रहा सबसे आगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वैक्सीन का शुक्रवार को चौथा चरण पूरा हो गया। टीका लगवाने वाले किसी लाभार्थी को कोई परेशानी नहीं हुई। चौथे चरण में 4900 कोरोना योद्धाओं को टीकाकरण के लिए बुलाया गया था, जिनमें से 75.7 प्रतिशत यानी 3709 का ही टीकाकरण हुआ। जिले में अभी तक चार चरणों में 10876 लोगों का पहला टीकाकरण पूरा हो चुका है।
पहले फेज में कुल 19339 स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होना है, जिनमें से अब तक 14891 स्वास्थ्यकर्मियों को बुलाया गया। 4015 लाभार्थी टीकाकरण कराने नहीं पहुंचे। इस बार 24 कोल्ड चेन के 45 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। सबसे ज्यादा पांच केंद्र मेडिकल कॉलेज में बनाए गए थे। इसके अलावा सुभारती मेडिकल कॉलेज में तीन केंद्र बनाए गए थे। सभी जगह उत्साह के साथ लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। अब इन लाभार्थियों को 28 दिन बाद फिर से टीके की दूसरी डोज दी जाएगी।
193 डोज करनी पड़ी नष्ट
चौथे चरण में 1191 लाभार्थी टीकाकरण केंद्र पर नहीं पहुंचे। इस कारण 193 डोज नष्ट करनी पड़ी। एक वॉयल से 0.5 एमएल की एक डोज लगती है, लेकिन एक बार खुलने के बाद अगर उसमें डोज बच जाती है तो चार घंटे बाद उसे नष्ट करना पड़ता है। पहले चरण में 28 डोज और दूसरे में 40 और तीसरे चरण में 172 डोज नष्ट करनी पड़ी थी। इस तरह अब तक 433 डोज नष्ट करनी पड़ी हैं। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि लगातार टीकाकरण का प्रतिशत बढ़ाया जा रहा है। आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।
अब तक टीकाकरण
दिन लक्ष्य टीकाकरण प्रतिशत
16 जनवरी 694 562 81
22 जनवरी 3260 2366 72.6
28 जनवरी 6037 4239 70.22
29 जनवरी 4900 3709 75.7
यह भी पढ़ें: चौधरी नरेश टिकैत बोले- हम कत्ल कर सकते हैं, देश का अपमान नहीं, पढ़िए और क्या कहा...
खरखौदा सीएचसी रहा सबसे आगे
टीकाकरण में इस बार सबसे आगे खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बूथ रहा। यहां 97.9 प्रतिशत टीकाकरण हुआ। इसके अलावा सीएचसी हस्तिनापुर पर 95.8 और कंकरखेड़ा में 92.2 प्रतिशत हुआ। सबसे कम 36.7 प्रतिशत टीकाकरण केएमसी नर्सिंग कॉलेज, 54.5 ब्रह्मपुरी यूपीएचसी और 55.5 भावनपुर केंद्र पर हुआ।
अब चार और पांच फरवरी को होगा टीकाकरण
अब चार और पांच फरवरी को टीकाकरण होगा। इस दौरान करीब साढ़े चार हजार लोगों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग 16, 22, 28 और 29 जनवरी को चार चरण पूरे कर चुका है। चार फरवरी को 32 बूथ तो पांच फरवरी को 12 बूथ पर टीकाकरण होगा। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों का पहला फेज खत्म हो जाएगा। इन्हीं स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरा टीका लगाया जाएगा, जिसकी शुरुआत 15 फरवरी से होगी। दूसरे टीकाकरण के लिए वैक्सीन पहले ही आ चुकी है।
डॉ. राजीव अग्रवाल और डॉ. विनोदा ने लगवाया टीका
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव अग्रवाल और उनकी पत्नी डॉ. विनोदा ने शुक्रवार को पुलिस अस्पताल में कोरोना की वैक्सीन लगवाई। उन्होंने कहा कि बेहद सुखद अनुभव रहा। स्टाफ ने उन्हें वैक्सीन लगाने के दौरान वैक्सीन के बारे में जानकारी दी। अगर पोलियो से भी इसी तरह से लड़ा जाता तो जितने साल उसको खत्म करने में लगे हैं, उतने नहीं लगते।
वैक्सीन लगवाकर अच्छा लगा
आनंद अस्पताल की डायरेक्टर मानसी आनंद और उनकी माता मीना आनंद ने भी टीका लगवाया। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद अच्छा लग रहा है। वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/