मेरठ में एक भाजपा नेता के पिता को कोरोना संक्रमण की पुष्टि, मचा हड़कंप, अब मरीजों की संख्या 82
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में कोरोना संक्रमण का खतरा भाजपा की देहरी तक पहुंच गया है। मंगलवार को पार्टी के महानगर कार्यकारिणी के सदस्य के पिता कोरोना पॉजिटिव आए हैं। भाजपा नेता साबुन गोदाम मोहल्ले में रहते हैं और महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के करीबी हैं। संक्रमण की पुष्टि होते ही पूरी पार्टी में हड़कंप की स्थिति है। महानगर अध्यक्ष ने शहर में चल रहीं सभी रसोइयों को तत्काल बंद करने के आदेश दिए हैं।
मेरठ की मेडिकल लैब में मंगलवार को करीब 410 सैंपल की जांच हुई। इनमें अधिकांश आसपास के जिलों के थे। बुलंदशहर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर का एक-एक पुराना पॉजिटिव आया है। बाकी सभी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। मेरठ के किसी की रिपोर्ट यहां से पॉजिटिव नहीं है। मेरठ का जो एक पॉजिटिव आया है, वह निजी लैब में उसकी जांच हुई थी।
सीएमओ डॉक्टर राजकुमार ने बताया कि भाजपा नेता के पिता एक निजी अस्पताल में गए थे। वहां से उनको एक निजी लैब में भेजा गया था। जहां उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज शिफ्ट कर दिया गया है। उनके संपर्क वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। उन सभी को क्वारंटीन किया जाएगा और उनका सैंपल लेकर उनकी कोरोना की जांच कराई जाएगी। जिस अस्पताल में वह इलाज कराने गए थे, वहां उनका इलाज करने वाले चिकित्सक और स्टाफ को भी क्वारंटीन किया जाएगा। महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल भी क्वारंटीन हो गए हैं।
कई कार्यक्रमों में दिखे
कोरोना संकट के दौरान भोजन वितरण समेत पार्टी के तमाम कार्यक्रमों में भी महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के साथ महानगर कार्यकारिणी सदस्य भी देखे गए हैं। मुकेश सिंघल ने खुद इस बात को स्वीकार किया है। ऐसे में सांसद से लेकर निचले स्तर तक के तमाम भाजपाइयों में हड़कंप मचा हुआ है। मुकेश सिंघल ने बताया कि तीन दिन पहले पता चला था कि उनके पिता को बुखार है। इसके बाद से उन्हें अलग कर दिया था।
लंबी चेन बनने की आशंका
आशंका है कि संक्रमण कई दिन पहले हो चुका होगा। इस दौरान वह लगातार तमाम पार्टी नेताओं और पार्टी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वालों के संपर्क में आए। इससे लंबी चेन बनने की आशंका है।
साबुन गोदाम भी बना हॉटस्पॉट, पूरा इलाका सील
भाजपा नेता के ड्राइवर के पिता को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद बागपत रोड स्थित साबुन गोदाम को हॉटस्पॉट बना दिया गया। साबुन गोदाम का पूरा इलाका सील कर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होने के बाद साबुन गोदाम में टीपी नगर व रेलवे रोड पुलिस के द्वारा बैरिकेडिंग लगवाई गई। मेरठ जनपद में यह 24वां हॉटस्पॉट बनाया गया है। मंगलवार को पहले पल्लवपुरम और फिर साबुन गोदाम को पूरी तरह से सील किया गया है। कोरोना पॉजिटिव के मकान से करीब एक किलोमीटर का दायरा पुलिस ने कवर कर लिया है। दोनों जगह पर सैनिटाइज का छिड़काव किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना पॉजिटिव के परिवार और संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया है।
पुलिस के अनुसार मुकेश सिंघल के साथ उनका ड्राइवर कहां- कहां पर गए, इसकी भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा कि जहां-जहां पर ड्राइवर गया उन सभी को चयनित किया जा रहा है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/