कोरोना अपडेट: मेरठ में नहीं थम रहा कहर, 27 दिन में मिले एक हजार से ज्यादा संक्रमित मरीज
उत्तर प्रदेश के मेरठ में सैंपलों की जांच में गति आई तो कोरोना के मरीज भी बढ़ गए। कोरोना मरीजों की संख्या में दो हजार का आंकड़ा पार करने वाला मेरठ प्रदेश का छठा जिला बन गया है। इससे पहले यह खराब आंकड़ा आगरा, गौतमबुद्धनगर, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद पार कर चुके थे।
मेरठ में जून माह में ही 568 मरीज मिले थे। इससे पहले मार्च, अप्रैल और मई इन तीन माह में 433 मरीज मिले थे। जुलाई के 27 दिनों में यह संख्या 1005 और बढ़ गई। जुलाई में हर रोज करीब 37 मरीज मिलने का आंकड़ा है, जबकि मार्च से मई तक तीन माह में हर रोज मरीजों के मिलने का आंकड़ा करीब 4.7 का था और जून में 19 मरीज का था। 30 जून तक 25753 जांच हुई थीं, जबकि अब 88828 जांच हो चुकी हैं। यानी 27 दिन में ही 63075 जांच हुई है।
जुलाई में सैंपल के हिसाब से हर रोज 1.6 मरीज मिले हैं, जबकि इससे पहले चार माह में 3.9 प्रतिशत के हिसाब में मरीज निकल रहे थे। मौत के प्रदेश के आंकड़ों में मेरठ (105) का दूसरा स्थान है, जबकि पहला कानपुर (177) और तीसरा आगरा (99) हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से देखें तो आगरा (99) के बाद मेरठ का तीसरा नंबर (88) है। मेडिकल कॉलेज मेरठ में ही 150 से ज्यादा मौत हो चुकी हैं, इनमें मेरठ के अलावा हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर आदि जिलों के मरीज भी शामिल हैं।
हाल-ए-कोरोना
31 मार्च तक 19 मरीज
30 अप्रैल तक 105 मरीज
31 मई तक 433 मरीज
30 जून तक 1001 मरीज
27 जुलाई तक 2006 मरीज
यह भी पढ़ें: मां-बेटी हत्याकांड: ये पांच लोग बनाए गए आरोपी, मोबाइल की कॉल डिटेल से खुलेंगे गहरे राज
कैंप में 67 लोगों की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव
सुपर स्पोर्ट्स सिटी कॉलोनी में सोमवार को सीएचसी दौराला की टीम ने कैंप लगाकर 67 लोगों की कोरोना की जांच की। सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। शुभारंभ दौराला ब्लॉक प्रमुख सचिन अहलावत ने किया। उन्होंने बताया कि कैंप में सीएचसी दौराला की ओर से देवेंद्र कुमार, कुलदीप उपाध्याय, दीपिका चौधरी, शशि रानी पहुंचे। उन्होंने कैंप में आए 67 लोगों की कोरोना जांच निगेटिव आई। चिकित्सकों ने बताया कि कोरोना से बचने के लिए सावधानी जरूरी है और मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकले।
कोरोना की ताजा स्थिति
सोमवार को 1825 सैंपलों की जांच हुई। जिनमें कोरोना के 36 मरीज नए निकले हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज के दो डॉक्टर समेत पुलिसकर्मी, सरकारी टीचर, नर्सिंग स्टाफ और घरेलू महिला शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में मेरठ में कोरोना के मरीजों की संख्या 2006 हो गई है। अब तक 88 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 1661 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है। सोमवार तक कोरोना के एक्टिव मरीज 257 थे।
25 इलाके अनलॉक
शहर व देहात के 25 इलाकों को अनलॉक कर दिया गया। डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि सोमवार को नई बस्ती, लल्लापुरा, शिवपुरम, कालियगढ़ी, मुल्तान नगर, जज कंपाउंड मंगल पांडे नगर, आनंद निकेतन कॉलोनी, रिठानी, कवीसलेंड कॉलोनी मोदीपुरम, रेलवे विहार कॉलोनी, शताब्दीनगर, शिवशक्तिनगर, आदर्शनगर, देवपुरी, प्रभातनगर, देवनगर सूरजकुंड, फूलबाग कॉलोनी, शास्त्रीनगर के ब्लॉक, मेवगढ़ी, तारापुरी, मोहल्ला मुन्नालाल मवाना, खेड़ा गांव, मोहल्ला नेथनाबाड़ा सरधना, बहचोला, कस्तला, मोहल्ला कस्सावन परीक्षितगढ़ और अगवानपुर को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/