शामली: विजिलेंस टीम ने थाने में 50 हजार की रिश्वत लेते सिपाही को रंगे-हाथ पकड़ा, तीन निलंबित
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह मेरठ से विजिलेंस टीम शामली जनपद के झिंझाना थाने पहुंची जहां टीम द्वारा ट्रैप करके थाने में तैनात सिपाही सचिन को 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी आरक्षी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। जहां से उसे मेरठ जेल भेज दिया गया।
डिप्टी एसपी शमशेर सिंह के द्वारा कोतवाली शामली पर आरोपी सचिन कुमार समेत तीन पुलिसकर्मियों को नामजद करते हुए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिन दो अन्य आरक्षियों को नामजद किया गया है उनमें आरक्षी शौकीन, आरक्षी अंकुर को नामजद किया गया है।
उधर डिप्टी एसपी विजिलेंस की रिपोर्ट को आधार बनाकर पुलिस अधीक्षक शामली द्वारा तीनों आरोपियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।