फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Meerut News ›   Congress is the mother of corruption and terrorism: Yogi Adityanath

भ्रष्टाचार और आतंकवाद की जननी है कांग्रेस : योगी आदित्यनाथ

Thu, 04 Apr 2019 04:31 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ Published by: Gaurav sharma Updated Thu, 04 Apr 2019 04:31 AM IST
सार

- भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन में बोले प्रदेश के मुख्यमंत्री
- कांग्रेस के घोषणापत्र को बताया नाकामी का पुलिंदा
- भ्रष्टाचार और गुंडाराज बढ़ाने के लिए हुआ गठबंधन

विज्ञापन
Congress is the mother of corruption and terrorism: Yogi Adityanath
सीएम योगी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार


विज्ञापन


 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, अराजकता और आतंकवाद की जननी है। कांग्रेस ने इस लोकसभा चुनाव में जो घोषणा पत्र जारी किया है, उसमें राष्ट्रदोह की धारा हटाने और कश्मीर व अलगाववाद पर जो मानसिकता कांग्रेस ने दिखाई है, उससे साफ हो चला है कि उसे न कभी राष्ट्र की चिंता थी और न होगी। बुधवार को एनएच-58 स्थित होटल में भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ये बात कही।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेरठ जनपद में हस्तिनापुर है, जो महाभारत का कारण बना था। कुरुक्षेत्र के मैदान में श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया था कि श्रेष्ठ पुरुष जिस प्रकार का आचरण करते हैं, अन्य लोग भी उसका अनुसरण करते हैं। इसलिए इस सम्मेलन की महत्ता बढ़ जाती है। इस सम्मेलन में आए सभी व्यक्ति समाज के महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध लोग हैं। आप लोग व्यवहारिक रूप से जो करेंगे और कहेेंगे, दूसरे लोगों पर उसका असर ज्यादा होगा।
विज्ञापन

योगी ने कहा कि 2104 से पहले केंद्र में यूपीए की सरकार थी, जिसमें सपा और बसपा से कभी समर्थन नहीं मांगा गया, लेकिन वह ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ की तरह नाचते रहे। यूपीए की 10 साल की सरकार में सिर्फ घोटाले, देश में उपद्रव, अराजकता का माहौल रहा। देश के भीतर आतंकी घटनाएं होती रहीं, कश्मीर में पत्थरबाज सेना को घायल करते रहे। लेकिन ‘हम देख रहे हैं और हम देखेंगे’ के जुमले ही चलते रहे। इसी सरकार के समय में देश में किसानों ने सबसे ज्यादा आत्महत्या की।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने सपा और बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था चौपट करने, विकास ठप करने, आतंकवाद और अलगाववाद को बढ़ावा देने का काम कांग्रेस ने किया, तो इन सभी ने समर्थन दिया। पहले देश में 270 जिले नक्सलवाद, उग्रवाद, अलगाववाद और आतंकवाद से प्रभावित थे, लेकिन पिछले पांच सालों में यह 5-6 जिलों तक सिमट कर रह गए हैं। देश में आज सुरक्षा का वातावरण है। विदेश में हमें सम्मान मिलता है, तो इसका बड़ा कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। विदेश में कई कार्यक्रम ऐसे हुए, जब शक्तिशाली राष्ट्राध्यक्षों की मौजूदगी में नरेंद्र मोदी से उद्घाटन कराया गया।
योगी ने कहा कि राहुल गांधी ने घोषणा पत्र में कांग्रेस की नाकामी को भी उजागर किया है कि उनकी सरकार के समय में गरीबी बढ़ी। जबकि गरीबी हटाओ का नारा जवाहर लाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक सभी देते रहे, लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। राजीव गांधी स्वयं इस बात से परेशान थे कि ऊपर से 100 रुपये भेजे जाते हैं, लेकिन गरीब तक 10 रुपये पहुंचते हैं। लेकिन वह इसका हल नहीं निकाल पाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनधन खातों के माध्यम से इसका तोड़ निकाल लिया और आज 100 रुपये भेजे जाते हैं, तो पूरे सीधे लाभार्थी के खाते में जाते हैं। योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान सहित तमाम योजनाएं और विकास कार्य गिनाए।
योगी ने कहा कि सपा महासचिव कहते हैं कि पुलवामा में जवानों को मरवाया गया, कांग्रेस अध्यक्ष आतंकी सरगना अजहर मसूद के नाम के आगे जी लगाते हैं। इससे इनके चरित्र का पता चलता है, लेकिन ये भूल जाते हैं कि हम न देख रहे हैं और न देखेंगे, बल्कि घर में घुसकर मारेंगे। उन्होंने यूपी में गठबंधन पर कहा कि कल तक जो एक-दूसरे को देखना तक नहीं चाहते थे, वह आज गुंडाराज बढ़ाने, भ्रष्टाचार बढ़ाने को एकजुट हुए हैं। लेकिन देश में एकजुटता, अखंडता, विकास और सुरक्षा सिर्फ नरेंद्र मोदी दे सकते हैं। आज यहां बैठा हर प्रबुद्धजन राजेंद्र अग्रवाल है, इसलिए खुद को चुनो और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाओ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सीए शिवकुमार गुप्ता ने की और संचालन भाजपा नेता जयकरण गुप्ता ने किया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भी विचार रखे। मंच पर आईएमए के अध्यक्ष डा. शिशिर जैन, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी, खेल उद्यमी अशोक चंद्र भल्ला, प्रेम मेहता मौजूद रहे। इनके अलावा प्रबुद्धजनों में प्रोफेसर, प्रधानाचार्य, शिक्षक गण, अंतरराष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के खिलाड़ी, कवि, प्रमुख चिकित्सक, प्रबंधन के क्षेत्र से जुड़े लोग, सीए, अधिवक्ता, व्यापारी, उद्यमी, साहित्यकार, लोकतंत्र सेनानी, वैश्य और जैन समाज सहित अन्य समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाएं
 किनौनी जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं। उनके लिए अलग से 500 कुर्सी लगाई गई थीं। महिलाएं ज्यादा आ जाने से व्यवस्था गड़बड़ा गई। उन्होंने फिर जमीन पर बैठकर मुख्यमंत्री का भाषण सुना। मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र से भी दो बसों में महिलाएं पहुंची थीं। वहीं बागपत से एक किसान लकड़ी का हल लेकर पहुंचा।
अखिलेश और माया का नाम नहीं लिया
मुख्यमंत्री ने जनसभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम केवल एक बार लिया। अखिलेश और मायावती का नाम लिए बगैर निशाना साधा। हालांकि बार-बार अजित सिंह का नाम लेकर हमला किया।
चौधरी सत्यपाल सिंह कहकर संबोधित किया
मुख्यमंत्री ने जनसभा में भाजपा प्रत्याशी को चौधरी डॉ. सत्यपाल सिंह कहकर संबोधित किया। हालांकि चुनावी पोस्टरों पर डॉ. सत्यपाल सिंह लिखा हुआ था। भीड़ में चर्चा रही कि उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की, कि डॉ. सत्यपाल सिंह भी जाट हैं।

मंत्री सुरेश राणा बैठे पीछे
प्रबुद्धजन सम्मेलन में किसी भी जनप्रतिनिधि को मंच पर जगह नहीं दी गई थी। लेकिन सभी को सबसे आगे की लाइन में कुर्सियां डालकर बैठाया गया था। इनमें विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, विधायक सत्यवीर त्यागी, एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, क्षेत्रीय महामंत्री अशोक माेंगा आदि थे। लेकिन गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा जो कि थोड़ी देर से कार्यक्रम में पहुंचे, वह आगे न जाकर जहां मीडिया के बैठने की व्यवस्था की गई थी, वहीं पीछे की तरफ बैठ गए। करीब 20 मिनट बैठने के बाद वह होटल में ही हैलीपैड के साथ बने विश्राम कक्ष में जाकर बैठ गए, जहां कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
सीएम को भेंट किया आधुनिक मोड बैट
मेरठ। भल्ला इंटरनेशनल की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आधुनिक मोड बैट उपहार में दिया गया। भल्ला इंटरनेशनल के निदेशक अशोक चंद भल्ला, आशुतोष भल्ला, संजय भल्ला व शेखर भल्ला ने अपनी फैक्टरी में निर्मित यह बल्ला मुख्यमंत्री को दिया। इस बल्ले का कॉपीराइट अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर केवल भल्ला इंटरनेशनल के पास है। आधुनिक मोड बैट से सॉफ्ट क्रिकेट बॉल व नए नियम वाला क्रिकेट गेम खेला जाएगा, जिसे विकेट बॉल कहते हैं।

अजित व जयंत कहते हैं कि गन्ना आम के पेड़ पर लगता है या यूकेलिप्टस के
 चौधरी चरण सिंह को योगी ने महान किसान नेता बताया, पर अजित सिंह व जयंत पर तीखे तेवर दिखाए। कहा कि चरण सिंह की वजह से किसान हित के बारे में काम करने की प्रेरणा मिली, पर उनके पुत्र और पोते में किसान का कोई गुण नहीं है। उनको तो कुछ पता ही नहीं होता। एक बार पूछ रहे थे कि गन्ना आम के पेड़ पर लगता है या यूकेलिप्टस के पेड़ पर। रमाला चीनी मिल के विस्तारीकरण के समय उन्होंने कहा था कि विस्तारीकरण की जरूरत नहीं है। चीनी का पौधा लगवा देते हैं। जिन्हें यह नहीं पता कि आलू जमीन के नीचे होता है या ऊपर, वे आपके बीच आकर बड़ी-बड़ी डींगें हांकेंगे। फंसना मत। छह बार चुने गए, पर रमाला चीनी मिल का विस्तारीकरण नहीं करवा पाए। डा. सत्यपाल सिंह ने एक बार में ही यह काम करा दिया।

कानून-व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा
योगी ने अपने भाषण में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर बात की। कांवड़ यात्रा का भी जिक्र किया। कहा कि कांवड़ यात्रा हमने सकुशल संपन्न कराई, क्योंकि वह शिवयात्रा थी, शवयात्रा नहीं। डीजे भी बजा, घंटे-घड़ियाल भी बजे। हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर फूल बरसाए गए। भाजपा सरकार में जो भी रावण और कंस की औलादें हैं, या तो जेल में हैं या राम नाम सत्य की यात्रा पर निकल गई हैं। इस सरकार में आज बहन-बेटियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सपा-बसपा सरकार में यह मुमकिन नहीं था।
मुसलमानों का ही क्यों, सबका अधिकार है संसाधनों पर
योगी ने कहा कि देश में डा. मनमोहन सिंह की सरकार थी और अजित सिंह भी उसे समर्थन कर रहे थे। उस समय मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। हमने कहा कि इस देश के जाट, गुर्जर, बौद्ध, जैन और अन्य लोग कहां जाएंगे। इस देश के संसाधन पर हर नागरिक का अधिकार है। कांग्रेस देश को फिर आतंकवाद, नक्सलवाद की आग में झोंकना चाहती है। सपा, बसपा, कांग्रेस, रालोद एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं।
मिलें चलती रहेंगी
योगी ने कहा कि हमने गन्ना बकाया का भुगतान किया है और किसानों के एक-एक पैसे का भुगतान होगा। जब तक खेत में एक भी गन्ना खड़ा है, मिलें चलती रहेंगी। उन्होंने केन्द्र तथा प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाएं भी गिनाईं। मिशन शक्ति का भी जिक्र किया।

मंच पर ये रहे मौजूद
बागपत प्रत्याशी डा. सत्यपाल सिंह, विधायक जितेंद्र सतवाई, मंजू सिवाच, पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित, जगत सिंह, रविन्द्र भड़ाना, विधायक वीरेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक सतेंद्र सोलंकी व चंद्रवीर सिंह, रामपाल नेहरा, शिवकुमार राणा, संजय त्यागी, प्रशांत चौधरी, रणवीर राणा, विरेन्द्र प्रधान, डा. रविप्रकाश आदि।




 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed