मेरठ में बसपा नेता के स्कूल में बच्ची से छेड़छाड़, जमकर बखेड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक बसपा नेता के स्कूल में शनिवार को बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छुट्टी के बाद घर पहुंची बच्ची ने परिजनों को बताया। परिजनों ने स्कूल पहुंचकर पहले दुष्कर्म का आरोप लगाया। लेकिन बाद में छेड़छाड़ की बात कही।
इस स्कूल में लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी पांच साल की बच्ची पढ़ती है। बच्ची ने घर पहुंचकर जिस तरह की शिकायत की, उससे परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आसपास के लोगों के साथ स्कूल पहुंचे बच्ची के परिजनों ने स्कूल के प्रबंधक और शिक्षिका का घिराव कर आरोप लगाया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया है।
हंगामे की सूचना पर लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को किसी तरह समझाकर शांत कराया। पुलिस ने बच्ची के पिता से कहा कि वह तहरीर दें, जिसके आधार पर जांच के बाद कार्रवाई होगी। पुलिस स्कूल के प्रबंधक को भी पूछताछ के लिए थाने ले गई।
वहीं, थाने पहुंचे परिजनों ने तहरीर देते हुए कहा कि बच्ची से छेड़छाड़ की गई है। छेड़छाड़ करने वाला छात्र है या कोई, इसका पता नहीं है। स्कूल प्रबंधक का कहना है कि बच्ची छुट्टी के बाद अपने पिता के साथ घर गई थी। स्कूल में छेड़छाड़ जैसी कोई घटना नहीं हुई। बच्ची ने स्कूल में भी किसी को नहीं बताया था। स्कूल की छवि खराब करने की कोशिश की गई है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। स्कूल में किसने छेड़छाड़ की, इसका पता नहीं लग सका है। बच्ची किसी को पहचानती भी नहीं है। स्कूल प्रबंधक से भी पूछताछ की गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।