Chandra Grahan 2023 Time: आज एक घंटा 22 मिनट रहेगा चंद्र ग्रहण, सूतक काल में मंदिरों के कपाट रहेंगे बंद
Chandra Grahan 2023 Sutak Kaal Time Today : देश भर में आज वर्ष का आखिरी चंद्रग्रहण होगा। इस दिन सूतक काल रहेगा। आज शरद पूर्णिमा भी है। चंद्रग्रहण रात्रि 01:05 से आरंभ होगा लेकिन इसका सूतककाल शाम चार बजे से शुरू हो जाएगा।
विस्तार
इस वर्ष मंदिरों और घरों में 28 अक्तूबर की जगह एक दिन पूर्व ही शरद पूर्णिमा मनाई गई। दरअसल, इस दिन साल का आखिरी चंद्रग्रहण होने से इस दिन सूतक काल रहेगा। इसलिए ठाकुरजी के खीर का भोग एक दिन पहले लगा दिया गया।
शनिवार यानी आज शरद पूर्णिमा पर चंद्रग्रहण रात्रि 01:05 से आरंभ होगा लेकिन इसका सूतक सांय 04.00 बजे से ही आरंभ हो जाएगा। सूतक काल में मंदिरों कपाट भी बंद रहेंगे, लेकिन धार्मिक अनुष्ठान व भजन कीर्तन किया जाएगा।
यह चंद्रग्रहण अश्विन पूर्णिमा को 28 व 29 अक्तूबर को मध्यरात्रि को पूरे भारत में खंडग्रास के रूप में दिखाई देगा। 1 बजकर पांच मिनट पर यह चंद्रग्रहण चंद्रोदय के समय शुरू हो जाएगा।
भारत के सभी शहरों में 28 अक्तूबर को शाम चार बजे से छह बजे के बीच चंद्रोदय हो जाएगा। यह खंडग्रास चंद्रग्रहण 28 अक्तूबर की रात्रि 2 बजकर 24 मिनट पर समाप्त होगा। भारत के सभी नगरों में इसका प्रभाव दिखाई देगा।