सहारनपुर: फर्जी कंपनी मामले में खनन माफिया इकबाल व करीबियों के मकान पर सीबीआई की छापेमारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुखौटा कंपनियां बनाकर चीनी मिलें खरीदने के मामले में सीबीआई ने मिर्जापुर स्थित बसपा के पूर्व एमएलसी हाजी मो. इकबाल, उनकी एक कंपनी के निदेशक सौरभ मुकुंद और मुनीम नसीम के मकान पर छापा मारा। सीबीआई की टीम ने आठ घंटे तक सौरभ मुकुंद एवं नसीम के आवासों पर छानबीन की। अभिलेख खंगाले और कई अभिलेख कब्जे में लिए।
मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे लखनऊ से सीबीआई की टीम इंस्पेक्टर रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस लाइन पहुंची। वहां से पुलिस को साथ लेकर गोपनीय ढंग से शहर के साउथ सिटी स्थित सौरभ मुकुंद के आवास पर छापा मारा, जबकि एक टीम मिर्जापुर स्थित पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के घर पहुंची। वहां पर हाजी इकबाल का मुनीम नसीम ही मिला। काफी देर पूछताछ के बाद सीबीआई नसीम को साथ लेकर उसके घर पहुंची और दोपहर लगभग ढाई बजे तक नसीम एवं उसके परिजनों से पूछताछ की। उसके घर से बैंक एवं संपत्ति संबंधी दस्तावेज भी मिले।
उधर, एक टीम सुबह नौ बजे से ही सहारनपुर के साउथ सिटी में सौरभ मुकुंद के आवास में जमी रही। टीम ने यहां पर दिन भर परिजनों एवं अन्य लोगों से पूछताछ की। हाजी इकबाल की कंपनी के निदेशक सौरभ मुकुंद के घर से सीबीआई की टीम ने कई दस्तावेजों को कब्जे में लिया। टीम शाम लगभग पांच बजे यहां से निकली।
छापेमारी की कार्रवाई से लखनऊ तक खलबली मची हुई है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2010-11 में मुखौटा कंपनियां बनाकर चीनी मिलों की खरीद-फरोख्त में हुए घोटाले के मामले में सीबीआई ने छापामार कार्रवाई की है। सूत्रों के अनुसार सीबीआई के हाथ महत्वपूर्ण दस्तावेज लगे हैं। इस मामले में लखनऊ के गोमतीनगर थाना में गत अप्रैल माह में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि सीबीआई ने गोपनीय रूप से कार्रवाई की। लखनऊ से सीबीआई टीम आई है। यहां से सीबीआई की टीम को पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। क्या कार्रवाई की गई है, इसके बारे में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/