बॉलीवुड फिल्म 'उन्माद' में नजर आएगा मेरठ का यह स्टार, 10 अगस्त को होगी रिलीज
नवाजुद्दीन सिद्दकी, अंचित कौर, प्रवेश राणा जैसे सितारों के बाद अब आप जल्द ही वेस्ट यूपी के एक और सितारे को बड़े पर्दे पर देखेंगे। जी हां, मेरठ का रहने वाला यह सितारा अगले माह रिलीज होने जा रही फिल्म में खलनायक की भूमिका में नजर आएगा। आइए जानते हैं आखिर कौन है यह स्टार :-
खलनायक की भूमिका में आएंगे नजर
पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कई स्टार बॉलीवुड फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाते रहे हैं। इसी क्रम में अब आप मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी अमित पुंडीर को अगले माह रिलीज होने जा रही बॉलीवुड फिल्म में विलेन का रोल में बड़े पर्दे पर अभिनय करते हुए देखेंगे।
अमित बॉलीवुड फिल्म 'उन्माद' में एक खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं और यह फिल्म अगले माह 10 अगस्त को रिलीज होगी। साल 2015 में अमित ने फिल्म 'मकड़जाला: पॉलिटिकल ट्रैप' से बॉलीवुड में कदम रखा था। उसके बाद फिल्म 'पैरानॉर्मल इश्क' में भी उन्होंने अभिनय किया। अब वह बड़े बजट की फिल्म 'उन्माद' में दिखाई देंगे।
एक पॉलिटिकल ड्रामा है फिल्म
अमित के मुताबिक 'उन्माद' एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म है। जिसमें दिखाया गया है कि किस तरह गाय के नाम पर देश में अशांति का वातावरण बना कर राजनेता अपना काम करते हैं। फिल्म में अमित शंकर नाम के एक राजनेता जो कि मुख्य नेगेटिव रॉल है उसमें नजर आएंगे। मुख्य भूमिका में इमत्याज अहमद और निकिता विजयवर्गीय हैं। फिल्म में थियेटर आर्टिस्ट प्रदीप कटारिया पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका में नजर आएंगे।
यूपी के रहने वाले शाहिद कबीर के निर्देशन में बनी है फिल्म
फिल्म का निर्देशन शाहिद कबीर ने किया है। वह मूल रूप से यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। शाहिद कबीर ने 'साड्डा अड्डा', 'जिंदगी ऑन द रॉक्स', 'लिटिल गांधी' जैसी कई फिल्मों में बतौर मुख्य असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है। अब बतौर निर्देशक उनकी पहली फ़िल्म ‘उन्माद’ आ रही है।
मेरठ कॉलेज से अमित ने की है पढ़ाई
वर्तमान में मुंबई निवासी अमित पुंडीर का परिवार शास्त्रीनगर गोल मार्केट के पास रहता है। उनके पिता सहेंद्र पुंडीर एक दूध व्यापारी हैं और मां बिमला देवी गृहिणी हैं। दो भाई रजनीश व मनोज हैं।
अमित ने मेरठ कॉलेज से बीएससी की है। साल 2005 में मिस्टर देहरादून का खिताब जीत चुके हैं। 2007 में मुंबई में मॉडलिंग सहित थियेटर में अभिनय किया।