प्रेमी ने किया इनकार तो इंस्पेक्टर बोला- थाने में तैनात दीवान से करा दें शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बालैनी प्रकरण में नर्सिंग होम में भर्ती युवक ने पुलिस की कहानी पर सवाल उठा दिए हैं। युवक का आरोप है कि पुलिस युवती से उसकी जबरन शादी कराना चाहती है। यही नहीं पुलिस के सामने ही युवती ने जहरीला पदार्थ निगला। युवक के अनुसार इंस्पेक्टर ने युवती से यह भी कहा कि युवक शादी नहीं करता तो थाने में तैनात अपने दीवान से शादी करा दें।
बागपत में बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती तीन जून को घर से लापता हो गई। युवती गांव के एक युवक से प्रेम करती है। पुलिस तक मामला पहुंचा तो युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि वह युवती से प्रेम नहीं करता है। पुलिस युवती को वृंदावन के एक एनजीओ से बरामद कर थाने ले आई। मंगलवार को युवती ने थाने में ही जहरीला पदार्थ निगल लिया, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है।
बुधवार को नर्सिंग होम में भर्ती युवक ने भी मुंह खोला तो कई नई बातें खुलीं। युवक का आरोप है कि पुलिस युवती से उसकी शादी कराना चाहती है। लेकिन वह मना कर रहा है। मना करने पर उसकी पिटाई भी की गई। युवक ने यह भी दावा किया कि इंस्पेक्टर ने युवती से कहा कि अगर युवक शादी नहीं करना चाहता है तो दीवान से शादी करा दें। युवक का दावा है कि पुलिस के सामने ही युवती ने जहर निगला है। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची। आरोप लगाया कि पुलिस ने युवक और युवती दोनों की पिटाई भी की और परेशान किया।
इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार पंत का कहना है कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। युवक जो आरोप लगा रहा है, वह गलत है। पुलिस सिर्फ पूछताछ करने के लिए दोनों को लेकर आई, इसके अलावा किसी तरह की बयानबाजी और मारपीट नहीं की गई। एएसपी रणविजय सिंह का कहना है कि युवती ने युवक से शादी की रट लगाई हुई थी। उसे तसल्ली देने के लिए युवक को थाने लाया गया था। किसी के साथ मारपीट नहीं की गई। युवक को डिप्रेशन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं। इसके बावजूद मामले की जांच कराई जाएगी।
नर्सिंग होम में भर्ती युवती की हालत में सुधार
बालैनी थाने में पुलिस कस्टडी में जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाली युवती की हालत में सुधार है। युवती को होश आ गया है। वह परिजनों से बातचीत भी कर रही है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के चलते गांव में तनाव बना हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से निजी अस्पताल के बाहर भी पुलिस तैनात की गई है। बालैनी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पंत का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद युवती के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
क्या था मामला
बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती तीन जून को घर से लापता हो गई थी। युवती के घर वाले उसकी शादी कराना चाहते थे, लेकिन वह गांव के ही एक युवक से शादी करना चाहती थी। पुलिस ने गांव के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक ने पुलिस को बताया कि वह युवती से शादी नहीं करना चाहता। पुलिस ने युवक का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया। सोमवार सुबह युवती ने युवक को अज्ञात नंबर से कॉल किया। इस पर पुलिस ने कॉल ट्रेस कर युवती को वृंदावन के कनक धारा फाउंडेशन नामक एनजीओ से बरामद किया। मंगलवार सुबह युवती ने पुलिस कस्टडी में जहर निगल लिया। जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
उधर, बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के भाई ने आरोप लगाया था कि सोमवार की रात युवती को बरामद करने के बाद पुलिस उसके भाई को भी घर से उठाकर ले आई थी। आरोप लगाया कि पुलिस ने रातभर उसके भाई को टॉर्चर किया। मंगलवार की सुबह पुलिस की पिटाई से घायल युवक की हालत बिगड़ गई। हालत बिगडने के बाद पुलिस ने उसके भाई को थाने से ले जाने दिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/