योगीराज में लूट गए भाजपा नेता, एक मिनट 22 सेकेंड में 20 लाख साफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में भले ही भाजपा की सरकार हो, लेकिन बदमाशों को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। इसका एक उदाहरण तब देखने को मिला जब भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर से दिनदहाड़े 20 लाख रुपए उड़ा दिए।
एक मिनट 22 सेकेंड में भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर गाड़ी का शीशा तोड़ा और 20 लाख रुपये बदमाशों ने साफ कर दिए। शीशे को किस तरीके से तोड़ा गया, इसको फोरेंसिक टीम भी नहीं बता सकी। अंदाजा लगाया जा रहा कि शीशे पर कोई केमिकल डालकर तोड़ा गया। ड्राइवर से पूछताछ में पुलिस भी उलझ गई। पुलिस का दावा है कि ड्राइवर ने शुरू में दो बदमाश देखने बताए। लेकिन बाद में इंकार कर दिया।
दोपहर 1:30 बजे अतुल दीक्षित डूडा कार्यालय पहुंचे। ड्राइवर शानू अपनी सीट पर बैठा था। बीच की सीट पर अतुल बैठे थे और पिछली सीट पर नोटों से भरा बैग रखा था। पुलिस के मुताबिक ड्राइवर शानू का कहना कि वह गाड़ी को लॉक कर डूडा कार्यालय में गया। ड्राइवर अंदर बैठा ही था कि एक आवाज आयी। वह दौड़कर गाड़ी के पास पहुंचा। फॉर्च्यूनर में बीच वाली सीट की साइड का शीशा टूटा पड़ा था। ड्राइवर का कहना है कि शुरूआत में उसे लगा कि गलती से शीशा खुला रह गया। लेकिन उसने गाड़ी का लॉक खोला तो देखा की शीशा किसी ने तोड़ा है। उसने नोटों से भरा बैग नहीं देखा और वह सीधे अतुल के पास पहुंचे। दोनों बाहर आए, तब जाकर बैग के गायब होने का पता चला। ड्राइवर का कहना है कि केवल एक मिनट 22 सेकेंड में वारदात हुई है। पुलिस के अनुसार ड्राइवर सुबह 10 बजे अतुल के घर गया था। वह एक सप्ताह की छुट्टी के बाद अतुल के बुलाने पर मंगलवार को आया था। बैंक से अतुल ने रुपये निकाले, इसकी जानकारी भी ड्राइवर को थी। वहीं पुलिस ने बैंक से लेकर डूडा कार्यालय के पास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। लेकिन कुछ नजर नहीं आया। बताया गया कि पुलिस का कहना है कि पहले डूडा ऑफिस के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे, लेकिन बाद में कैमरे हटवा दिए गए।
भाजपा नेता अतुल ने बताया कि उसने चार बार यूपी 100 को फोन किया। लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। 15 मिनट बाद यूपी 100 और उसके दस मिनट बाद एसओ नौचंदी पहुंचे।
इंस्पेक्टर के प्रणाम कहते ही बरसे वाजपेयी
वारदात के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सिविल लाइन विजय कुमार ने जैसे ही भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी को प्रणाम कहा, तो वाजपेयी इंस्पेक्टर पर बरसते हुए बोले कि एक घंटे बाद आए हो। कहां है पुलिस की चेकिंग व्यवस्था। इस दौरान दरोगा धनवीर यादव के हंसने पर भाजपाई भड़कते हुए बोले कि मेरठ में मन नहीं लग रहा क्या? पुलिस अफसर कमर कस लें, नहीं तो बिस्तर बांधकर तैयार रहें। डॉ. वाजपेयी ने सीओ सिविल लाइन गजेंद्र पाल सिंह से कहा कि सीओ साहब पहले दिन ही लूट से स्वागत हो गया। हंगामा करने वालों में विवेक वाजपेयी, राजीव काले पार्षद आदि रहे।
एसपी सिटी मानसिंह चौहान का कहना है कि भाजपा नेता की गाड़ी से 20 लाख चोरी हुए है। इसकी रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज करा दी गई है। ड्राइवर से पूछताछ चल रही है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच करा रहा हूं। मामला अलग प्रतीत हो रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/