भाजपा ने मेरठ की धरती से किया 2019 का आगाज, जीत के लिए बनाई ये रणनीति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन लोकसभा चुनाव 2019 की जीत का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही बनाने की पटकथा तैयार की गई। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव की जीत का एक्सप्रेस वे यूपी से ही होकर गुजरेगा।
इस मौके पर जहां खास तौर पर यूपी में कराए गए विकास कार्यों को गिनाया गया तो वहीं इस पर पूरा जोर रहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के खास मायने हैं। दोनों ही नेताओं ने समिति बैठक में सभी पदाधिकारियों को संकल्प दिलाया कि यूपी में इस बार 73 सीटों से ज्यादा पर जीत का परचम लहरना है। ऐसा होते ही देश में भाजपा की 350 से ज्यादा सीटों का लक्ष्य पूरा होना तय है। यानी उत्तर प्रदेश में यदि इतनी सीट आती हैं तो पूरे देश में बहुमत आने से कोई नहीं रोक सकता।
इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पांडेय ने अध्यक्षीय भाषण में केन्द्र और प्रदेश सरकार की विकासपरक योजनाओं को गिनाया। कार्यसमिति की बैठक में मंच पर राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल, अनिल जैन, भूपेन्द्र यादव, उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, कलराज मिश्र, डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, विनय कटियार, सुनील बंसल आदि मौजूद रहे।
हमने जीता विश्वास, तभी यूपी में हो रहा अरबों का निवेश: योगी
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी प्रदेश में यदि सुरक्षा नहीं होगी तो निवेश नहीं होगा। निवेशकों को विश्वास हमने जीता और आज यूपी में अरबों रुपये निवेश किए जा रहे हैं।
योगी ने कहा कि आज ही वे अलीगढ़ में डिफेंस कॉरिडोर के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। पीएम ने इसका शिलान्यास किया। वहां पांच हजार करोड़ के निवेश की घोषणा की गई है। इससे पूर्व लखनऊ में हुई इन्वेस्टर समिट में पीएम आए थे। वहां 60 हजार करोड़ केऔद्योगिक निवेश के प्रस्ताव रखे गए। पचास हजार करोड़ रुपये के प्रस्ताव और पाइपलाइन में हैं। बोले कि हमने सुशासन दिया। सुरक्षा का वातावरण दिया। नतीजा निवेशक आए। योगी ने उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि हमने सभी जिलों में एक समान विद्युत आपूर्ति दी, तुष्टिकरण नहीं किया। चार करोड़ कावंडियों ने कांवड़ यात्रा निकाली। बुलंदशहर के आपसी विवाद को छोड़ दें तो यात्रा का शांति से समापन हुआ। राजनीतिक कुंभ से पहले प्रयागराज में धार्मिंक कुंभ का आयोजन होगा। उसे भी ऐसे ही शांति से संपन्न कराएंगे। बोले कि हम दलित विरोधी नहीं। अब से पहले एएमयू में आरक्षण क्यों लागू नहीं किया गया। पीएम ने देश में 37 करोड़ लोगों के खाते खुलवाए। गरीबों के लिए एक वर्ष में आठ लाख 85 हजार आवास गांवों में और चार लाख 32 हजार शहर में दिए। किसानों का कर्ज माफ किया। तीन चीनी मिलों की क्षमता वृद्धि कर की जा रही है। गन्ने का बकाया भुगतान किया।योगी ने कहा कि अभी और विकास होगा। सकारात्मक सोच प्रदेश में विकसित हो रही है और यही सोच लोकसभा चुनाव में यूपी की झोली में 73 से ज्यादा सीट डाल देगी। देश में 350 से ज्यादा सीट जीतेंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/