दौराला(मेरठ)। रोडवेज बस में सवार दो युवकों की किराये को लेकर परिचालक से कहासुनी हो गई। दोनों युवकों ने कॉल कर साथियों को बुला लिया और चालक व परिचालक से मारपीट की। परिचालक से रुपयों से भरा बैग लूटने की धमकी दी गई। पीड़ित थाने पहुंचे और शिकायत की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास कांबिंग की पर आरोपियों का पता नहीं चल सका।
सहारनपुर जिले के तलहड़ी गांव निवासी संदीप पुत्र सुल्लर भैसाली डिपो की रोडवेज बस पर संविदा परिचालक है। वहीं, जसवीर चालक है। मंगलवार को बस मेरठ से सहारनपुर के लिए चली। संदीप के मुताबिक बस में बैठे दो युवकों से किराये कम देने को लेकर कहासुनी हो गई। यात्रियों ने बीच बचाव करा दिया। दोनों युवकों ने कॉल कर अपने साथियों को बुला लिया। नंगली गेट के पास पहुंचते ही जबरन बस को रुकवा लिया और परिचालक संदीप और चालक जसवीर से मारपीट की गई। आरोप है युवकों ने रुपयों से भरा बैग लूटने की बात कही। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। यात्रियों के कड़े विरोध पर आरोपी फरार हो गए। दोनों पीड़ित बस लेकर थाने पहुंचे। जानकारी पर पुलिस मौके पर आरोपियों की गिरफ्तारी को कांबिंग की। पुलिस ने दोनों का उपचार कराया। पीड़ित संदीप ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस के मुताबिक किराए को लेकर परिचालक व चालक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।