ऑनलाइन शॉपिंग का है कीड़ा तो हो जाएं सावधान, हर तीसरे शख्स पर है साइबर गैंग की नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जानें कैसे ऑनलाइन शॉपिंग के बहाने भारी रकम ठिकाने लगा रहे हैं ठग :-
केस नं. 1
गंगानगर निवासी राकेश कुमार ने साइबर सेल में शिकायत की कि मोबाइल फोन खरीदने के बहाने पैसे ट्रांसफर तो किए नहीं, बल्कि उल्टे उनके खाते से 28 हजार रुपये उड़ा दिए गए। उसके बाद से ठग का मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
केस नं. 2
नेहरू नगर निवासी शिवानी के अनुसार एक कंपनी का प्रतिनिधि बताकर मोबाइल फोन बेचने की बात कही गई। पैसे बताए गए नंबर पर ट्रांसफर करने को कहा। 13500 रुपये ट्रांसफर करने के बाद भी न तो मोबाइल आया और न पैसे मिले।
केस नं. 3
सराफा बाजार निवासी सुजीत के अनुसार उनकी कई जिलों में ज्वैलरी सप्लाई होती है। ऑनलाइन खरीदारी की बात कहकर उनके खाते से 70 हजार रुपये साफ कर दिए गए।
ओटीपी गया मतलब पैसा गया
साइबर सेल के अधिकारियों के अनुसार ऐसे साइबर अपराधी किसी कंपनी के सेल्स प्रतिनिधि बनकर महिलाओं और व्यापारियों को कॉल करते हैं। उनसे ज्वैलरी, मोबाइल फोन या अन्य गैजेट्स बाजार से काफी कीमत पर उपलब्ध होने का झांसा देते हैं। कहते हैं यह आकर्षक छूट केवल आज के लिए ही है। ऑर्डर बुक करने और पेमेंट डेबिट या क्रेडिट कार्ड से लेने की बात कहकर उसका नंबर नोट कर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) पूछते हैं। यह पता चलते ही साइबर ठग खाते से पैसे निकाल लेते हैं।
ठगी का ट्रेंड
इसी तरह किसी दुकानदार या व्यापारी को कॉल कर मोबाइल फोन, ज्वैलरी या अन्य महंगी आइटम खरीदने की बात कही जाती है। फिर सौदा बुक कर कहते हैं कि हम अपना आदमी भेज रहे हैं। ऑनलाइन पेमेंट करने की बात कहकर बैंक खाते या एटीएम कार्ड की डिटेल लेकर व्यापारी के खाते में सेंध लगा दी जाती है। ऐसी ठगी अधिकांश बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ से कॉल कर की जा रही है। ठगों के सरगना ओटीपी पूछकर पैसे तो डाल नहीं रहे, उल्टे निकाल रहे हैं।
फर्जी फोन कॉल्स भी समस्या
साइबर सेल के एक्सपर्ट उमेश कुमार का कहना है कि फर्जी फोन कॉल्स की शिकायत भी सबसे ज्यादा आ रही हैं। आपका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया है या उसकी वैधता खत्म हो रही है, आपके बैंक खाते को आधार से लिंक करना है, आपका खाता अपडेट करना है। ठग बैंक अफसर या प्रतिनिधि बनकर ऐसी कॉल करते हैं। आपके खाते की डिटेल और एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर ओटीपी लेते हैं और थोड़ी ही देर में पूरा खाता हैक कर साफ कर देते हैं। एसपी क्राइम शिवराम यादव के अनुसार ऑनलाइन लेनदेन या खरीदारी में सावधानी बरतें। ऐसे मामलों में दूसरे राज्यों में बैठे सरगना ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
ऐसे करें बचाव
मोबाइल फोन किसी अनजान व्यक्ति को न दें। अपने बैंक खाते और एटीएम कार्ड की डिटेल गोपनीय रखें। ऑनलाइन खरीदारी के मामले में पूरी तरह से सावधानी बरतें। बैंक अधिकारी या प्रतिनिधि कभी इस तरह की कॉल नहीं करते कि खाता या एटीएम कार्ड ऑनलाइन अपडेट करना है। न ही कॉल कर खाते की जानकारी लेते हैं या ओटीपी पूछते हैं। केवल मैसेज भेजकर बैंक आने की सलाह दी जाती है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/