बागपत: पुलिस ने अवैध वसूली करते ट्रेनी दरोगा सहित दो पकड़े,
- कुछ देर बाद अधिकारियों ने कोतवाली से ट्रेनी दरोगा को छोड़ दिया
- कोतवाली प्रभारी ने मामले की जानकारी होने से इंकार कर दिया
विस्तार
खेकड़ा नगर निवासी एक यूपी पुलिस के ट्रेनी दरोगा को साथी के साथ बड़ागांव मार्ग पर एक ट्रक चालक से अवैध वसूली करते कोतवाली पुलिस की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया और उसे कोतवाली में ले आई। मामला विभाग से जुड़ा होने के कारण अधिकारियों ने उसे छोड़ दिया।
नगर के एक मोहल्ला निवासी एक युवक पिछले दिनो यूपी पुलिस में दरोगा के पद पर भर्ती हुआ। वर्तमान समय में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। तीन दिन से वह अवकाश पर घर आया हुआ है। बताया जाता है कि रविवार को शाम के समय उसने अपने साथी के साथ पहले तो शराब पी।
इसके बाद वह साथी के साथ बड़ागांव रेलवे फाटक के पास जा पहुंचा। वहां उन्होंने एक ट्रक को रुकवाकर चालक से अवैध वसूली करने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रक शनिवार को पुलिस ने पशुओं के साथ पकड़ा था और उस ट्रक में एक पुलिस कर्मी भी बैठा था।
ट्रेनी दरोगा और उसके साथी ने चालक से रुपये वसूलने के लिए हड़काया और लॉकडाउन में ट्रक मार्ग पर लाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। ट्रक चालक ने उससे कहा कि इस ट्रक को पुलिस ने पकड़ रखा है, लेकिन उसने चालक की बात नहीं सुनी। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
गंभीर होने पर ट्रक में सवार पुलिस कर्मी ने कोतवाली में फोन कर मामले की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेनी दरोगा और उसके साथी को पकड़ कर कोतवाली ले आई और हवालात में डाल दिया। कुछ देर बाद अधिकारियों ने कोतवाली से ट्रेनी दरोगा को छोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी राज कुमार शर्मा ने मामले की जानकारी होने से इंकार कर दिया।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/