Baghpat: हिस्ट्रीशीटर की गला रेतकर हत्या, शव जंगल में फेंका, मृतक के खिलाफ 14 मुकदमे दर्ज थे
बागपत जनपद में गांगनौली गांव में हिस्ट्रीशीटर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल में शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद में गांगनौली गांव के जंगल में शुक्रवार की रात एक लाख के इनामी रहे प्रमोद राठी गिरोह के सदस्य व हिस्ट्रीशीटर पंकज राठी उर्फ गोटा की गला रेत कर हत्या कर दी। शनिवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी तक मृतक के परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस हत्यारों का पता लगाने में जुटी हुई है।
बताया गया कि मृतक अविवाहित था। उसका रिकाॅर्ड दोघट थाने के हिस्ट्रीशीटर के रूप में दर्ज था। पुलिस के अनुसार मृतक पंकज उर्फ गोटा एक लाख के इनामी रहे कुख्यात बदमाश प्रमोद गांगनौली गिरोह का सदस्य था। उस पर दोघट थाने में 14 मुकदमे दर्ज थे।
गांगनौली गांव निवासी पंकज उर्फ गोटा (40) पुत्र किरण पाल सिंह अविवाहित था और एक लाख के इनामी रहे कुख्यात बदमाश मृतक प्रमोद राठी गिरोह का सदस्य रह चुका है। वह दोघट थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। भाई नीरज ने बताया कि उसका भाई पंकज राठी उर्फ गोटा नशे का आदी था।
शुक्रवार की रात गांव में किसी के साथ उसका झगड़ा हो गया था। वह घर आया था और चिकित्सक से इलाज कराने के लिए रुपये मांग रहा था। जब उसे पैसे नहीं मिले तो वह घर से झगड़ा कर चला गया था। शनिवार सुबह उसका शव खेत के पास चकरोड पर पड़ा मिला। उसकी गला रेत कर हत्या की गई थी।
किसान रोशन पाल पुत्र अतल सिंह ने खेत में उसका शव पड़ा देखा तो ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी सोनवीर सिंह सोलंकी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक पंकज राठी उर्फ गोटा दोघट थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ लगभग 14 मुकदमे दर्ज थे। अभी तक मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस हत्यारों का पता लगाने में जुटी हुई है।