दबिश देने गई पुलिस पर हमला, हाथापाई कर वर्दी फाड़ी, ठगी के आरोपी को छुड़ाया
यूपी में बदमाशों के हौसले बुलंद है। दबिश देने गई पुलिस पर बदमाशों ने हमला बोल दिया और पुलिस से हाथापाई करके वर्दी फाड़ डाली। आरोपी ठग को भी छुड़ा लिया।
घटना उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की है। किरतपुर के गांव रंगड़पुरा में ठगी एक मामले में आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस पर आरोपी और उसके परिजनों ने हमला बोल दिया। परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई खूब हाथापाई हुई, पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई।
एक आरोपी को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित आठ व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस पर हमला करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोटद्वार निवासी सराफ रतन सिंह से एक गिरोह ने असली सोने के बदले नकली जेवरात बेचकर 24 लाख रुपये की ठगी की थी। इस संबंध में 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को दबोचकर उनका चालान कर दिया था।
किरतपुर पुलिस ने दबिश देकर एक अन्य नामजद आरोपी तसलीम को हिरासत में ले लिया, जिसका उसके परिजनों ने विरोध किया। परिजनों का कहना था कि गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट का स्टे है, स्टे की कापी भी उन्होंने पुलिस को दिखाई। वे पुलिस की गाड़ी के आगे लेट गए।
पुलिस ने जबरन महिलाओं और परिजनों को हटाने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस कर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी और हिरासत में लिए तसलीम को छुड़ा लिया। इस मामले में पुलिस के हेड कांस्टेबिल जसवंत सिंह की ओर से माजिद, कलीम, तसलीम, अनीस, कौसर, तेजपाल, तसलीम की पत्नी व पुत्रवधु के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने पुलिस पर हमला करने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई हैं।
किरतपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार के मुताबिक पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन पर गैंगस्टर भी लगाई जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/