कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट लेने पहुंचे प्रेमी युगल पर हमला, इसके बाद क्या हुआ
लव मैरिज के बाद कचहरी से सर्टिफिकेट लेने पहुंचे प्रेमी युगल पर शनिवार दोपहर उनके परिजनों ने हमला कर दिया। जान बचाकर युगल एसएसपी ऑफिस पहुंचा और सुरक्षा की गुहार लगाई। एसएसपी ने एसओ मेडिकल से सुरक्षा मुहैया करने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल थानाक्षेत्र के शेरगढ़ी निवासी रोहित का लोहियानगर की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। 21 मार्च को दोनों ने घर से भागकर कचहरी में कोर्ट मैरिज कर ली थी।
कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट लेने पहुंचे प्रेमी युगल पर हमला
परिजनों ने युवती के अपहरण होने का अंदेशा जताकर मेडिकल थाने में केस दर्ज कराया था। शनिवार को प्रेमी युगल कचहरी में कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट लेने पहुंचे तो पीछे पीछे युवती के परिजन वहां आ गए। आरोप है कि युवती के परिजनों ने युगल को कचहरी में पीटा। युगल वहां से भागकर सीधे एसएसपी ऑफिस पहुंचा। युवती ने बताया कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से रोहित से शादी की है। परिजन उसकी शादी जबरन दूसरी जगह कराना चाहते हैं।