एक्सक्लूसिव: सामने आई यूपी पुलिस की बड़ी लापरवाही, गुजरात में जिंदा मिली महिला, रची थी खौफनाक साजिश
- जिसकी हत्या के आरोप में रिश्तेदार जेल में, वो जिंदा मिली
- 2019 में दो युवकों को भेजा था जेल
- पुलिस ने महिला को गुजरात के सूरत से ढूंढ निकाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वारदात का फर्जी खुलासा और वाहवाही के चक्कर में पुलिस बेकसूरों को भी सजा दिलाने में पीछे नहीं रहती हैं। ऐसे ही एक मामले में पुलिस की लापरवाही से दो बेगुनाह दो साल से जेल में पड़े हैं। जिस महिला के अपहरण और हत्या के आरोप में युवकों को जेल भेजा, उस महिला को पुलिस ने ही दो साल बाद गुजरात से बरामद कर लिया है।
मेरठ में टीपी नगर थाना क्षेत्र के मुल्तान नगर निवासी महिला 2018 में लापता हो गई थी। मायके वालों ने आरोप लगाया कि अपहरण के बाद महिला की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति और उसके दो रिश्तेदारों ओम प्रकाश उर्फ ओमी और सचिन निवासी गुलावठी (बुलंदशहर) को नामजद किया था। पति तभी से फरार चल रहा है। 2019 में पुलिस ने ओमी और सचिन को जेल भेज दिया था।
एक साल से परिजन उनकी जमानत का प्रयास कर रहे हैं। मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो हाईकोर्ट में मेरठ पुलिस को निर्देश दिए कि महिला को जिंदा या मुर्दा तलाश करें। इसके बाद टीपी नगर पुलिस ने महिला को गुजरात के सूरत से बरामद कर लिया। पुलिस का दावा है कि महिला ने परिजनों के साथ मिलकर सचिन और ओमी को फंसाने के लिए योजना बनाई थी।
यह भी पढ़ें: भीषण हादसा: तेज रफ्तार कारों के उड़े परखच्चे, चंद मिनटों में तीन जिंदगियां खत्म, देखिए तस्वीरें
महिला के परिजनों ने साजिश रची
बताया गया कि महिला के एक युवक से संबंध थे। पति के साथ रिश्तेदार भी इसका विरोध करते थे। महिला अपनी मर्जी से कहीं चली गई और परिजनों से लगातार बातचीत करती रही। उसके बाद परिजनों ने साजिश के तहत महिला की हत्या और अपहरण में पति और उसके रिश्तेदारों को नामजद कर दिया।
हाईकोर्ट के निर्देश पर दो दिन में कामयाबी
मामले में जितने कसूरवार महिला और उसके परिजन है, उतनी ही पुलिस है। दो साल पहले पुलिस ने आंख बंद कर मुकदमा दर्ज किया और जांच भी इसी तरीके से की। बिना शव बरामद किए दो लोगों को हत्या के मामले में जेल भेज दिया। हाईकोर्ट के निर्देश पर दो दिन में ही महिला बरामद कर ली।
जेल से रिहा कराए जाएंगे बेकसूर: सीओ
सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय का कहना है कि टीपी नगर पुलिस ने सोमवार को दो साल बाद महिला को सूरत से बरामद किया है। जेल में बंद दोनों बेकसूर को पुलिस रिहा कराएगी। महिला के बयान पुलिस ने दर्ज किए हैं। उसी के आधार पर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। बताया, कोर्ट के आदेश पर ही टीपी नगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/