अमर उजाला अभियान-स्वास्थ्य: किशोर बोले- शुरुआत में डर लगा, फिर टीका लगवाकर खुशी मिली
बागपत में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 15-17 वर्ष की उम्र वाले 80 हजार को पहली डोज और 36 हजार को दूसरी डोज लग चुकी है। किशोर कोरोना रोधी टीका लगवाकर काफी खुश हैं, दूसरी डोज के लिए भी वक्त पर पहुंचने को तैयार हैँ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगवा चुके कुछ किशोरों को शुरूआत में डर का अहसास जरूर हुआ। मगर, टीका लगने पर उस डर से कहीं ज्यादा खुशी मिली। किशोर भी टीके को लेकर इतने उत्साहित हैं कि पहली डोज के बाद दूसरी डोज में देरी नहीं कर रहे हैं और अधिकतर निर्धारित समय पर दूसरी डोज लगवा रहे हैं।
कोरोनारोधी टीकाकरण को लेकर किशोरों में खासा उत्साह है। इसका पता इसी से चलता है कि टीकाकरण के लिए अधिकतर स्कूलों में कैंप लगाया गया था। मगर, किशोरों ने स्कूलों में कैंप का इंतजार करने की जगह परिजनों के साथ अस्पताल और सीएचसी में जाकर टीका लगवाया। हालांकि अब जिन किशोरों को दूसरी डोज लगनी है, उनको स्कूल में परीक्षा होने के कारण कैंप का इंतजार करना पड़ रहा है। कुछ समय पूरा होते ही दूसरी डोज भी अस्पताल में लगवाने पहुंच रहे हैं।
पहली डोज 80 तो दूसरी 36 हजार ने लगवाई
जनपद में 15-17 वर्ष की उम्र वाले 91 हजार 391 को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। इनमें पहली डोज 80 हजार 334 को लग चुकी है तो दूसरी डोज 36 हजार को लग चुकी है। दूसरी डोज के लिए जिस तरह से समय पूरा हो रहा है तो टीका लगवाने के लिए किशोर अपने परिजनों के साथ अस्पताल व सीएचसी में पहुंच रहे है। इसके लिए जल्द ही स्कूलों में कैंप भी लगाया जाएगा।
टीका लगने के बाद काफी अच्छा लगा
मैने पहली डोज करीब डेढ़ महीने पहले लगवाई थी तो अब दूसरी डोज लगवाई है। पहले डर लगा था कि टीका लगवाने से कोई परेशानी तो नहीं होगी। मगर, टीका लगने के बाद काफी अच्छा लगा और खुशी महसूस हो रही है। अब कोरोना संक्रमण से बचाव हो सकेगा और टीका सभी को जरूर लगवाना चाहिए। -नेहा, कोर्ट रोड
कोरोना रोधी टीका लगवाने को लेकर पहले से काफी उत्साह था और हम इंतजार कर रहे थे कि सरकार हमारे लिए कब टीकाकरण शुरू करेगी। सरकार के शुरूआत करते हुए टीका लगवा लिया था और उसके बाद दूसरी डोज भी लगवाई। टीका लगवाकर काफी अच्छा महसूस हुआ। -आशीष, बड़ौत रोड
कोरोना संक्रमण से बचाव
कोरोना से बचाव का टीका लगवाने को लेकर काफी उत्साहित थे। हमें पता था कि टीका लगवाने के बाद संक्रमण से बचाव हो जाएगा। पहला टीका स्कूल में लगवाया गया था और अब यह नहीं पता कि स्कूल में कब टीका लगवाया जाएगा। इसलिए अस्पताल में जाकर दूसरी डोज लगवाएंगे। -नितेश यादव, कोर्ट रोड गली नंबर छह
जब सरकार ने किशोरों को टीका लगाने की शुरूआत करने की घोषणा की तो इतना उत्साह था कि स्कूल में टीका लगवाने का इंतजार नहीं किया और अस्पताल में जाकर टीका लगवाया था। अब दूसरी डोज भी जल्द लगवाकर खुद को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित करेंगे। -शिवम, सिसाना रोड