यूपी के इस जिला अस्पताल में मिलेगा एम्स जैसा इलाज, दिल्ली-चंडीगढ़ के डॉक्टर रखेंगे नजर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ मेडिकल कॉलेज में अब टेली मेडिसिन की मदद से न सिर्फ बेहतर इलाज में मदद मिल सकेगी, बल्कि मेडिकल स्टूडेंट को पढ़ाई में काफी लाभ मिलेगा। इसके जरिए पीजीआई चंडीगढ़, पीजीआई लखनऊ और एम्स दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श भी लिया जा सकेगा। इसके अलावा लखनऊ, चंडीगढ़ और दिल्ली में इन अस्पतालों में होने वाले चिकित्सा से संबंधित सेमिनार या ऑपरेशन आदि भी लाइव देख सकेंगे।
टेली मेडिसिन का ई-सेंटर नई इमरजेंसी बिल्डिंग में ट्रॉमा सेंटर के पास बनाया गया है। मेडिकल में होने वाले ऑपरेशन, सीटी स्कैन, एक्सरे, एमआरआई या अन्य इलाज से संबंधित कार्यशालाओं या मरीज के बारे में इस सेंटर के जरिए विशेषज्ञों से सलाह भी ली जा सकेगी। इसे नेशनल मेडिकल नेटवर्क कहा जाता है। इसके लिए फाइबर की लाइन बिछाई गई है। मेरठ के अलावा यूपी में इलाहाबाद, कानपुर और लखनऊ में टेली मेडिसिन सेंटर बना हुआ है। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में इन दिनों करीब 1300 स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं। इनमें एमबीबीएस के 750 स्टूडेंट्स हैं और 150 पीजी (एमडी-एमएस), 200 नर्सिंग और 200 पैरा मेडिकल के स्टूडेंट्स। यहां एमबीबीएस की 150 सीटें हैं। 115 चिकित्सक हैं।
यह है टेली मेडिसिन
टेली मेडिसिन के तहत अस्पतालों में ई-सेंटर स्थापित किए जाते हैं। इसके जरिए मरीज की जांच रिपोर्ट के बारे में लाइव विशेषज्ञ डॉक्टर अध्ययन करते हैं और इलाज की सलाह देते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर दूर बैठे ही दवाइयां भी बता देते हैं।
सीएचएसी पर भी की जाएगी शुरुआत
इस सुविधा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू हो जाने के बाद ऐसे दूर दराज के स्थानों पर भी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श मिल सकेगा, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता कम रहती है।
बांटी गईं तीन कैटेगिरी
टेली मेडिसिन के तहत मेडिकल में तीन कैटेगिरी बांटी गई हैं। ये कैटेगिरी टेली कंसल्टेशन, लेक्चर थियेटर और टेली लाइब्रेरी हैं। टेली कंसल्टेशन में चिकित्सा को लेकर सलाह-मशवरा, लेक्चर थियेटर में प्रोफेसरों के लाइव लेक्चर और टेली लाइब्रेरी में ई-लाइब्रेरी की किताबों के बारे में जानकारी दी जाती है। - डॉ. सुभाष, नोडल अधिकारी, टेली मेडिसिन, मेडिकल कॉलेज
प्रभावी है टेली मेडिसिन
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में टेली मेडिसिन का दायरा कई नई संभावनाओं से भरा हुआ है। यह दवा और अत्याधुनिक संचार तकनीक का एक अनूठा सहयोग है। इसके जरिए सैकड़ों किलोमीटर दूर से ही मरीजों की निगरानी की जा सकती है। मेडिकल कॉलेज में इससे काफी फायदा होगा। - डॉ. आरसी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/