यूपी: बालक का अपहरण कर 20 हजार रुपए में बेचा, ऐसे हुआ खुलासा, महिला समेत पांच गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी के सहारनपुर जनपद में एक गांव से पांच वर्षीय बालक का उसके ही रिश्तेदार दंपती ने अपहरण कर लिया। दंपती ने अपने दोस्त एवं एक महिला की मध्यस्थता से बालक को चिलकाना के ग्राम सुल्तानपुर की एक महिला को 20 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने बालक को सकुशल बरामद कर आरोपी दंपती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सरसावा के ग्राम सलोनी निवासी हरफूल रविवार सुबह लगभग 11 बजे अपनी पत्नी के साथ किसी काम से बाहर चला गया। घर में उसके तीन बच्चे रह गए। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि दोपहर में किसी समय मेघराज का ममेरा भाई प्रवीण, निवासी ग्राम बोंसा पहुंचा और उसके पांच साल के बेटे सौरभ को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसके साथ उसकी पत्नी रेणु उर्फ रीनू भी थी।
एसपी देहात ने बताया कि बच्चे को लेकर प्रवीण एवं रीनू ग्राम संगमोर में सुषमा पत्नी दिलीप के घर पहुंचे। वहां पहले से ही प्रवीण का दोस्त ईसम मौजूद था। ईसम और सुषमा की मध्यस्थता से बच्चे का सौदा चिलकाना के ग्राम सुल्तानपुर निवासी रानी पत्नी सतीश के साथ किया और उसे अपने घर पर ही बुला लिया। जहां पर बालक को रानी के सुपुर्द कर दिया। शाम लगभग छह बजे जब मेघराज और उसकी पत्नी रेशमा घर पहुंचे तो बच्चा घर नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने बच्चे की हर जगह तलाश शुरू कर दी। रात लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जानकारी की और सभी से पूछताछ की। वहां मौजूद प्रवीण से भी पुलिस ने पूछताछ की तो उसकी बातों से पुलिस को उस पर संदेह हो गया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने रानी के पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और रानी, प्रवीण, रीनू, ईशम और सुषमा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने प्रवीण के पास से 19500 रुपये भी बरामद किए। पुलिस ने पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अपहरण के बाद खुद भी तलाश कराने में जुटा था प्रवीण
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि बच्चे को बेचने के बाद प्रवीण फिर से मेघराज के पास पहुंचा और बच्चे को तलाश कराने में उनकी मदद करने लगा। जिससे किसी को उस पर संदेह न हो, लेकिन पुलिस ने जब सभी से पूछताछ की तो उसका भांडा फूट गया।
कई दिन से कर रहा था अपहरण की तैयारी
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि प्रवीण ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह कई दिन से बच्चे को ले जाने की तैयारी कर रहा था। उसने बताया कि रानी की तीन लड़कियां हैं, उसे लड़के की जरूरत थी। जिस कारण रानी ने सुषमा से लड़के के लिए कहा। सुषमा ने ईसम से यह बात बताई। ईसम ने प्रवीण से बीस हजार रुपये में बच्चे का सौदा तय कर लिया।
बेटे को पाकर मेघराज और रेशमा की आंखें भर आईं
देर रात पुलिस ने बच्चे को बरामद कर मेघराज और रेशमा को सौंप दिया। बच्चा मिलने पर मेघराज और उसकी पत्नी रेशमा की आंखें भर आईं। रेशमा बच्चे को गले से लगाकर रो पड़ी। उसे विश्वास नहीं हो रहा था कि उसका रिश्तेदार ही उसके बच्चे का अपहरण करेगा।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/