दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बढ़े हादसे: डीसीएम ने कार में पंचर लगा रहे तीन युवक रौंदे, एक की मौत
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे बढ़ने लगे हैं। उत्तराखंड घूमने जा रहे थे। काशी टोल प्लाजा से आगे उनकी अर्टिगा कार पंचर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें रौंद दिया। इसमें एक की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। रविवार को एक्सप्रेसवे पर तेज गति से आ रहे एक डीसीएम चालक ने कार में पंचर लगा रहे तीन युवकों को रौंद दिया। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवकों को उपचार के लिए दिल्ली रेफर किया गया है। परतापुर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार सुबह छह बजे नई दिल्ली-देवली खानपुर स्थित साईं अपार्टमेंट निवासी 29 वर्षीय भरत सिंह दोस्त संत नगर बुराड़ी दिल्ली के रहने वाले अंकित रावत व अमित के साथ उत्तराखंड घूमने जा रहे थे। काशी टोल प्लाजा से आगे उनकी अर्टिगा कार पंचर हो गई।
उन्होंने एक्सप्रेसवे के साइड में कार खड़ी कर ली और पंचर लगाने लगे। तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम ने तीनों युवकों को कुचल दिया। भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों युवकों को पुलिस ने सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद चालक डीसीएम को छोड़कर फरार हो गया। परतापुर थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बाइक सवार को कार ने टक्कर मारी
इससे पहले शनिवार रात एक्सप्रेसवे पर बाइक सवार युवक को भोजपुर के नजदीक अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को एक्सप्रेसवे की टीम ने अस्पताल में भर्ती कराया। इससे युवक की जान बच गई। पुलिस के मुताबिक युवक दिल्ली का रहने वाला है और वह मुजफ्फरनगर रिश्तेदार के घर जा रहा था।
हाईवे पर कार की टक्कर से किसान की मौत
दौराला हाईवे पर सकौती सोसाइटी के सामने रविवार सुबह खेत में काम कर लौट रहे किसान को सड़क पार करते समय एक कार ने टक्कर मार दी। इससे किसान मौत हो गई, जबकि कार की चपेट में आकर बाइक सवार युवक घायल हो गया।
मेरठ निवासी किसान विनीत सिरोही सकौती गांव में भतीजे बबलू के पास खेती करता था। विनीत ने हाईवे किनारे कुछ जमीन खेती के लिए ठेके पर ले रखी थी। रविवार सुबह खेत में पानी करके वह पैदल लौट रहा था। हाईवे पर सकौती सहकारी समिति के पहले सड़क पार करने के दौरान हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही एक कार ने किसान को टक्कर मार दी। हादसे में घायल किसान को राहगीरों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। बताया जाता है कि किसान को टक्कर मारने से पहले कार हाईवे पर एक बाइक से भी टकराई थी। इसमें बाइक सवार दिल्ली निवासी एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। युवक की हालत गंभीर बताई गई है। मृतक के परिजनों ने थाने में कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से युवक की मौत
भट्ठे पर ट्रैक्टर ट्रॉली के साथ मजदूरी करने गए युवक की अपने ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौत हो गई। शव के पंचनामे के बाद परिजनों ने सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। गांव ख्वाजमपुर माजरा निवासी खुशनसीब अपने बड़े भाई इरफान के साथ रोहटा-बाडम मार्ग पर स्थित गंगा ब्रिक्स फील्ड पर मजदूरी करता था।
रविवार को वह भाई के साथ ट्रैक्टर में ईंट भरकर ले जा रहा था। इसी दौरान वह ट्रैक्टर से गिर गया। ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक के बेटी हैं। वह परिवार में इकलौता कमाने वाला था।
संपत्ति के घरेलू विवाद में युवक को पीटा
सरधना थाना क्षेत्र के मुल्हेड़ा गांव में संपत्ति बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच विवाद हो गया। पिता व भाइयों ने मिलकर संजय नामक युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने पिता, भाई व भतीजे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।