मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, चचेरे भाई-बहन की मौत, कई गंभीर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में एक छात्रा सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरिद्वार से गंगाजल लेकर तेज रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों की भीड़ में कई हादसे हुए। तितावी थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीना कलां में बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में चचेरे भाई-बहन की मौत हो गई। इसके अलावा अलग-अलग सड़क हादसों में कई कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हो गए।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीना कलां निवासी शैलेंद्र (21) पुत्र रतन सिंह बुधवार रात करीब 11 बजे चचेरी बहन कक्षा-नौ की छात्रा रीना (16) पुत्री नरेश उर्फ भूरा के साथ बाइक पर पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर स्थित धौलरा बस स्टैंड पर कांवड़ देखने जा रहा था। रास्ते में जब वे शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज के निकट पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार से कांवड़ देखकर लौट रहे गांव के ही अरुण की बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में शैलेंद्र व रीना सड़क पर सिर के बल जाकर गिरे और अचेत हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार अरुण व उसकी रिश्तेदार मीना भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सभी घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां से चारों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में शैलेंद्र तथा रीना को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अरुण और मीना की हालत गंभीर बताई जा रही है। भाई-बहन की मौत से गांव में शोक व्याप्त है।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र में बुढ़ाना मोड़ पर बृहस्पतिवार को हुए हादसे में दो बाइकों पर सवार गांव किनौनी निवासी प्राची बालियान, उसका भाई देव बालियान और दूसरी बाइक पर सवार डाक कांवड़िये झिंझाना के गांव जमालपुर निवासी बबलू व पानीपत निवासी नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार दोपहर वहलना चौक के निकट हुए हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। वहीं, हाइवे पर हुए अलग-अलग हादसों में दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी राजकुमार, हरिनगर निवासी पति-पत्नी गौरव व शिवानी के साथ ही पानीपत निवासी ऋतिक, दलवीर और गाजियाबाद निवासी राजकुमार भी घायल हो गए। उक्त सभी कांवड़ियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बरला में कांवड़िये समेत दो घायल
हरिद्वार से बाइक पर गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्त ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह और बाइक सवार गंभीर घायल हो गए। बागपत के गांव निनाना निवासी नत्थूराम बृहस्पतिवार को हरिद्वार से बाइक पर गंगाजल लेकर आ रहा था। जब वह दिल्ली-दून नेशनल हाइवे पर बरला चौराहे पर पहुंचा, तो बरला निवासी इसरार पुत्र रसूल्ला सड़क पार कर रहा था। उसको बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक सवार को भी गंभीर चोटें आई। पुलिस ने दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां से इसरार को गंभीरावस्था में चंडीगढ़ रेफर कर दिया। उधर, भोपा में जल चढ़ाकर वापस लौट रहे दंपति और उनके दो बच्चे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। जिला हरिद्वार के गांव सेदोपुर का अक्षय अपनी पत्नी महेंद्री, बेटा विशाल, बेटी शिवानी के साथ पुरा महादेव जलाभिषेक कर लौट रहा था। भोपा नहर पुल पर अक्षय की बाइक का किसी कारण संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर गिरने से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/