Meerut: गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद फांसी पर झूला युवक, फोटो स्टूडियो में करता था काम
Meerut News : मेरठ में एक युवक ने गर्लफ्रेंड से बात करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि मृतक युवक फोटो स्टूडियो में काम करता था।
विस्तार
मेरठ में मोदीपुरम स्थित फोटो स्टूडियो में एक युवक ने अजीबो-गरीब अंदाज में मौत को गले लगा लिया। इससे पहले वह सिवाया गांव में एक शादी समारोह में बाकायदा फोटाग्राफी करके लौटा। स्टूडियो से ही अपनी प्रेमिका को फोन किया। उससे बोला कि आज उसका आखिरी दिन है वह मरने जा रहा है। इसके बाद युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव पंखे से उतारा।
बहसूमा निवासी अंकुश कुमार जाटव (20) भराला गांव में पांच माह से अपने मामा सुरेश के यहां पर रह रहा था। वह मोदीपुरम स्थित पुरानी एलआईसी के पास सर्विस रोड पर अमरजीत के फोटो स्टूडियो में काम करता था।
बताया गया कि बृहस्पतिवार को दोपहर के वक्त अंकुश सिवाया गांव से फोटोग्राफी करके लौटा। स्टूडियो के ऊपर बने कमरे में जाकर बहसूमा निवासी अपनी प्रेमिका से फोन पर बात करने लगा। इस दौरान उसकी कोई बात हुई और उसने खुदकुशी की बात कही।
वहीं, प्रेमिका ने अंकुश के दोस्त पल्हैड़ा निवासी विकास को अंकुश के इरादे से अवगत कराया और स्टूडियो पहुंचने को कहा। विकास के पहुंचने तक अंकुश दम तोड़ चुका था। स्टूडियो मालिक अमरजीत की सूचना पर पल्लवपुरम पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजन हुए बदहवास
अंकुश घर में सबसे छोटा था। उसका बड़ा भाई नितिन और दो बहन आरती और प्रीति हैं। पिता विनोद की मौत हो चुकी है। सूचना पर उसकी मां सीमा, भाई, चाचा व पल्हैड़ा से रिश्तेदार संदीप, गजेंद्र आदि मौके पर पहुंचे। शव देखकर ये सभी बदहवास हो गए।
यह भी पढ़ें: UP: अखिलेश यादव बोले- अग्निवीर भर्ती लाने वाले राष्ट्रवादी नहीं हो सकते, बसपा को लेकर कही ये बड़ी बात
मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला। जांच में सामने आया कि किसी युवती से बात करने के बाद सुसाइड किया। परिजन जो तहरीर देंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - जयप्रकाश यादव, थाना प्रभारी पल्लवपुरम
यह भी पढ़ें: CBI Raid: पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक की पुस्तैनी हवेली पर तीन घंटे चली कार्रवाई, देखिए अंदर की तस्वीरें