दिन में मांगी एक करोड़ की रंगदारी, शाम को पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस ने 50 हजार के इनामी और मुकीम काला गैंग के सदस्य को एनकाउंटर में मार गिराया। अपराधी ने दिन में ही एक करोड़ की रंगदारी मागी थी।
घटना उत्तर प्रदेश के शामली जिले की है। झिंझाना में जिला पंचायत सदस्य मोहसिन चौधरी के भाई और गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के आरोपी अकबर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है।
दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मारा गया बदमाश अकबर पुत्र महमूद कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत का रहने वाला था। उस पर दस आपराधिक मामले दर्ज हैं। साबिर जंधेड़ी के घर हुई मुठभेड़ के दौरान वह बचकर फरार हो गया था।
इसमें साबिर मारा गया था, एक सिपाही अंकित तोमर शहीद हो गया था। इसी मामले में इस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे झिंझाना-ऊन मार्ग पर काली मां मंदिर के पास हुई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक बदमाश घायल होकर बाइक समेत गिर गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
उपनिरीक्षक प्रवेश तोमर और सिपाही राजू भी घायल हो गए। मौके से पुलिस को बाइक, पिस्टल, तमंचा और कारतूस के अलावा करीब एक लाख रुपये नकदी भी बरामद हुई। घायल बदमाश को पुलिस ने झिंझाना सीएचसी पहुंचाया, तो वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा ने बताया कि मारे गए बदमाश अकबर ने ही शनिवार दोपहर गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी से एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी थी। इससे पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे अफसर के घर फायरिंग की थी। अकबर मुकीम काला गिरोह का सक्रिय सदस्य था।
पढ़ें : यूपी में ताबड़तोड़ एनकाउंटर : जांबाज अफसरों ने चार को मारी गोली, पांच दबोचे
ये था पूरा मामला
जिला पंचायत सदस्य के भाई एवं पूर्व प्रधान से मुकीम काला के नाम पर एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई। शुक्रवार रात में पहले तो दो बदमाशों ने पूर्व प्रधान के मकान के दरवाजे पर फायरिंग कर दहशत फैलाई, फिर शनिवार सुबह रंगदारी की धमकी के लिए कॉल की। धमकी से पीड़ित परिवार दहशत में है। झिंझाना थाने पर रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी है। पुलिस धमकी देने वाले बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव गुर्जरपुर टपराना निवासी मोहसीन चौधरी जिला पंचायत सदस्य हैं। उनका भाई अफसर चौधरी पूर्व प्रधान है। अफसर चौधरी ने शनिवार दोपहर झिंझाना थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे उसका भाई जिला पंचायत सदस्य मोहसीन चौधरी और पड़ोसी ग्रामीण घर के बरामदे में बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के दरवाजे पर गोलियां बरसाई। उसके भाई और अन्य लोगों ने मकान के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद फायरिंग करने वाले बदमाश अपनी बाइक से फरार हो गए। वहीं, शनिवार दोपहर 11.53 मिनट पर अफसर चौधरी के मोबाइल फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुकीम काला गैंग का सदस्य अकबर बताया। धमकी देकर कहा कि 24 घंटे के भीतर एक करोड़ रुपये नहीं दिए, तो दोनो भाइयों को जान से मार दिया जाएगा। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करने के साथ ही रंगदारी मांगने वाले बदमाश को तलाश किया जा रहा है।
एसपी ने भी की पीड़ित से पूछताछ
एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा भी झिंझाना थाने पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक पीड़ित अफसर चौधरी से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली, जिस नंबर से कॉल करके रंगदारी की डिमांड की गई, वह नंबर पूछने के बाद सर्विलांस टीम को भी जांच करने में लगा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं, जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़ित के घर पर लगा दिया पुलिस का पहरा
गांव गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी और जिला पंचायत सदस्य मोहसीन चौधरी के परिवार ने रंगदारी की धमकी आने के बाद अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया। पुलिस अधीक्षक ने एहतियात के तौर पर पीड़ित परिवार के घर पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/