सीसीएसयू की परीक्षा में नकल कराने के मामले में एक सेंटर डिबार, नकल करते पकड़ीं थीं तीन छात्राएं
मेरठ। सीसीएसयू की परीक्षा में शुक्रवार को नकल कराने के मामले में बुलंदशहर के श्रीमति शारदा देवी ज्वाला प्रसाद अग्रवाल कन्या डिग्री कॉलेज, नरसैना बुलंदशहर को डिबार कर दिया गया है।
विवि के केंद्रीय सचल सतर्कता दल ने यहां पर छापामारी की थी। टीम ने तीन छात्राओं को नकल करते पकड़ा था। इसके साथ ही कॉलेज के स्टाफ की नकल कराने में बड़ी संलिप्पता पाई गई। जिसके बाद सेंटर को रद्द कर दिया गया, अब सोमवार से परीक्षाएं डीपीबीएस कॉलेज अनूपशहर में होंगी।
विवि से संबद्ध कॉलेजों में आजकल बैक परीक्षाएं चल रही हैं। शुक्रवार को विवि के केंद्रीय सचल सतर्कता दल की टीम में शामिल प्रो. शिवराज सिंह, डॉ. दुष्यंत कुमार और डॉॅ. राजीव कौशिक ने यहां पर छापामारी की। गर्ल्स कॉलेज के इस सेंटर पर छापामारी के दौरान कक्षा में ड्यूटी देने वाले शिक्षक वहां से निकल गए। भारी मात्रा में टीम ने साम्रगी पकड़ी। शिक्षक बाद में आए, लेकिन वह जाने का स्पष्ट कारण नहीं बता पाए।
इसके बावजूद तीन छात्राओं को नकल करते हुए पकड़ लिया गया। कॉलेज में नकल में स्टाफ की मिलीभगत होने कारण उसको डिबार कर दिया गया है। सोमवार से परीक्षाएं दूसरे सेंटर पर होंगी। इससे पहले भी विवि की ये टीम कई कॉलेजों में नकलचियों को पकड़ चुकी है।
एमबीबीएस परीक्षा में भी इसी टीम ने जैन कन्या कॉलेज मुजफ्फरनगर में 12 छात्रों को डिवाइस से नकल करते पकड़ा था। इसके साथ ही शिकायत पर बुलंदशहर के रघुवर दयाल प्रभु दयाल इंस्टीटयूट ऑफ हायर एजुकेशन, जहांगीराबाद बुलंदशहर के सेंटर को रद्द करते हुए अब डीपीबीएस कॉलेज अनूपशहर को सेंटर बनाया गया है।