यूपी: गांवों में तेजी से फैल रहा संक्रमण, कोरोना से महिला समेत दो की मौत, 68 मिले नए केस
उत्तर प्रदेश के गांवों में अब कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मेरठ के दौराला क्षेत्र में एक महिला और एक पुरुष की कोरोना से मौत हो गई, जबकि 58 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
विस्तार
मेरठ के मवाना में नगर सहित 13 गांवों में 29, हस्तिनापुर में छह, दौराला में दो, सरधना में 17, माछरा में तीन और खरखौदा में 11 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं, जबकि दौराला क्षेत्र में ही एक महिला और एक पुरुष की कोरोना से मौत हो गई।
गांव भैंसा में दो, दूधली में एक, पहाड़पुर में एक, निलौहा में चार, भिड़वारा में तीन, भगवानपुर में एक, जयसिंहपुर में एक, नंगली ईसा में एक, मंदवाडी में एक, बना में चार, सीना में एक, अकबरपुर में एक, बातनौर में एक पॉजिटिव मिला। नगर में मोहल्ला तिहाई में दो, अशोक वाटिका में एक, अशोक विहार में एक, काबली गेट में एक और मवाना में दो लोग पॉजिटिव मिले।
गांवों में कोरोना संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। गांवों में मिले संक्रमितों के परिजनों की भी जांच नहीं हो रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 270 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि 50 लोगों को फलावदा में कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। 40 लोगों के आरटीपीसीआर के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। जबकि 78 की एंटीजन किट से सीएचसी पर जांच की गई है।
हस्तिनापुर के सीएचसी प्रभारी ने बताया कि 113 लोगों के एंटीजन सैंपल लिए गए, जिनमें से छह लोग कोरोना पॉजिटिव निकले। सभी को होम आइसोलेट कर दवाइयां दी गई है। गुरुवार को 18 वर्ष से ऊपर की आयु पूर्ण कर चुके पात्र 89 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। वहीं 45 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 339 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ।
सीएचसी दौराला प्रभारी डॉ. आशुतोष ने बताया कि गुरुवार को सीएचसी, खनौदा, सरसवा, समसपुर में कोरोना जांच के लिए कैंप लगाया गया। कैंप में 255 लोगों की जांच की गई। जांच में दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है जिन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया। सीएचसी पर 567 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका भी लगाया गया। वहीं, लावड़ निवासी एक व्यक्ति व एक महिला की कोरोना संक्रमित होने के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नगर व देहात में सैंपलिंग कराई। जिसमें 189 लोगों की सेंपलिंग में 17 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एंटीजन जांच में चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसमें खेड़ा में 80 लोगों की सैंपलिंग में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई व एक नवाबगढ़ी एक मोम्मन फरीदपुर में पॉजिटिव आई।
सीएचसी माछरा के राजन भिवानियां ने बताया कि 93 लोगों की कोरोना जांच में तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 18 वर्ष से ऊपर के 90 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया, जबकि 45 वर्ष से ऊपर के 60 व्यक्तियों का टीकाकरण किया गया है।
खंड विकास अधिकारी ने ली ग्राम प्रधानों की बैठक
खंड विकास कार्यालय पर खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों की एक बैठक हुई, जिसमें गांव में कोरोना महामारी को रोकने को लेकर चर्चा की गई। सभी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना को रोकने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही एंटीजन सैंपल टेस्ट कराए और निगरानी समिति को अलर्ट करें। गांव को सैनिटाइज भी कराया जाए। प्रभारी सहायक खंड विकास अधिकारी विनीत भटनागर ने कहा कि बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए सभी नवनिर्वाचित प्रधानों को आगे आना चाहिए।