भाजपा की बाइक रैली ने थामी शहर की रफ्तार, हर तरफ लगा जाम
ट्रैफिक पुलिस ने रैली वाले मार्ग पर किया था रूट डायवर्जन
भाजपा द्वारा निकाली गई सकंल्प रैली से शनिवार को यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में तीन अलग अलग स्थानों से बाइक रैली निकाली गई थी। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी रैलियों के मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाते हुए टीआई लगाए थे। लेकिन कार्यकर्ताओं के हुजूम ने पूरी यातायात व्यवस्था को बेपटरी कर दिया।
दोपहर 12 बजे भाजपा की संकल्प रैली नौचंदी मैदान से शुरू हुई। कैलाशपुरी से नंदन सिनेमा, गांधी आश्रम से नई सड़क की तरफ से मिमहेंस अस्पताल से मंगल पांडे नगर से होते हुए फूलबाग कॉलोनी मेन रोड से सूरजकुंड पर पहुंची।
इंदिरा चौक से बुढ़ाना गेट खैर नगर बाजार, वैली बाजार, कबाड़ी बाजार से देहलीगेट चौपला, ब्रह्मपुरी मेन रोड से दिल्ली रोड पर बहादुर मोटर्स से गुरुनानक नगर, जैन नगर से रेलवे रोड होते हुए केसरगंज से खैरनगर होते हुए बुढ़ाना गेट पर समाप्त हुई। इस दौरान जिस मार्ग से रैली निकली वहां जाम लगता चला गया। यातायात व्यवस्था ऐसी बिगड़ी कि रैली के बाद भी घंटो तक जाम की स्थिति बनी रही।
दूसरी रैली भैसाली ग्राउंड के सामने भाजपा विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के कार्यालय से शुरू हुई थी। सदर थाने से सदर सराफा, शिव चौक, बांबे बाजार से आबूलेन, बेगमपुल चौराहा, बच्चा पार्क, आरजी कॉलेज, वेस्टर्न कचहरी रोड, बाउंड्री रोड से लालकुर्ती, मॉल रोड, टैंक चौपला, रुड़की रोड, मोदीपुरम, कंकरखेड़ा बाईपास से सरधना फ्लाईओवर, रोहटा रोड से बागपत रोड फ्लाईओवर के पास पैराडाइज मॉल पर समाप्त हुई। इस रैली के कारण भी वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे।
तीसरी रैली भी दोपहर 12 बजे जागृति विहार विस्तार योजना पर राष्ट्रोदय चौक से शुरू होकर गढ़ रोड, शास्त्रीनगर पीवीएस रोड, आवास विकास चौराहा, कुटी चौराहा, एल बलॉक शास्त्रीनगर से बिजली बंबा बाईपास से माधवपुरम, दिल्ली रोड पर शॉप्रिक्स के सामने समाप्त हुई। यहां भी भीषण जाम से लोगों को जूझना पड़ा।
जाम का रहा बुरा हाल
बाइक रैली से दोपहर को पूरा शहर ही जाम की चपेट में आ गया। इस दौरान एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई, टीआई सुनील कुमार, टीआई बंसत सिंह, टीएसआई नदीम खान अलग अलग मार्गों पर तैनात रहे। लेकिन वाहनों का आवागमन रूकने से जाम लगता चला चला गया। मॉल रोड पर भी डेढ़ किमी लंबा जाम लगा रहा। रुड़की रोड, कंकरखेड़ा बाईपास, मोदीपुरम, एनएच-58, परतापुर तिराहे पर भी जाम रहा।