फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Mathura News ›   The old stony eyes became moist after meeting His Majesty

महामहिम से मिलकर बूढ़ी पथराई आंखें हो गईं नम

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Mon, 27 Jun 2022 10:57 PM IST
विज्ञापन
The old stony eyes became moist after meeting His Majesty
वृंदावन (मथुरा)। अपनों और समाज से तिरस्कृत विधवा और निराश्रित माताओं से जब देश के महामहिम मिले तो उनकी बूढ़ी पथराई आंखें नम हो गईं। राष्ट्रपति ने माताओं को दुलारा, पुचकारा और पास बैठाकर उनकी पीढ़ा सुनी। देश के प्रथम नागरिक को अपने इतने करीब देखकर माताओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
विज्ञापन

दोपहर लगभग 12:15 बजे कृष्णा कुटीर आश्रय सदन में जैसे ही राष्ट्रपति का आगमन हुआ, आश्रय सदन का वातावरण बदल ही गया। राष्ट्रपति ने पहले मंदिर में दर्शन किए। माताओं ने स्वागत गीत गाते हुए टीका लगाकर और आरती कर महामहिम का स्वागत सत्कार किया। राष्ट्रपति ने वृद्ध माताओं के राधे राधे का जवाब भी राधे-राधे कहकर दिया।
विज्ञापन

अपनों और समाज से दूर वृंदावन की पावन धरा पर भक्ति और मोक्ष की कामना लिए जीवन के अंतिम पड़ाव पर पहुंचीं माताओं के लिए यह पल एक स्वप्न जैसा रहा। माताओं ने महामहिम को अपने द्वारा बनाए उत्पाद अगरबत्ती, पोशाक, अचार व कंठी माला भेंट की तो राष्ट्रपति ने भी महिलाओं को साड़ी व हेल्थ किट प्रदान की।
विज्ञापन
विज्ञापन

महामहिम ने महिलाओं से उनकी कुशलक्षेम जानी और जल्द ही तीर्थयात्रा कराने का भरोसा भी दिलाया तो महिलाएं खासी उत्साहित दिखाई दीं। कई महिलाएं तो इस कदर भावुक हो गईं कि खुशी से उनकी आंखें भर आईं। महामहिम व उनकी पत्नी सविता कोविंद लगभग डेढ़ घंटे तक कृष्णा कुटीर की निराश्रित माताओं के बीच रहीं। राष्ट्रपति ने हस्तनिर्मित उत्पादों का अवलोकन कर माताओं को प्रोत्साहित किया। पंडाल में आयोजित संवाद समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने माताओं को 10 मिनट तक संबोधित किया।
छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया
कृष्णा कुटीर के सभागार में आयोजित संवाद समारोह में हनुमान प्रसाद धानुका बालिका विद्यालय की चार छात्राओं ने राष्ट्रगान कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्रा प्रिया गुप्ता का सोमवार को जन्मदिन भी था तो उन्हें सबसे अच्छा गिफ्ट महामहिम ने दिया। छात्राओं के संकोच को महामहिम समझ गए और उन्हें मंच पर बुलाकर साथ में फोटो कराया। महामहिम ने बेटियों के सिर पर हाथ रखा और उन्हें आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। महामहिम के साथ फोटो कराने के बाद छात्रा प्रिया गुप्ता, मुस्कान दिवाकर, चेतना शर्मा और सुगंधा तिवारी के साथ संगीत शिक्षिका सुमन शर्मा एवं सोनिया चतुर्वेदी की खुशी का ठिकाना न रहा।
भक्ति के साथ विधवा माताएं रचनात्मक कार्यों में समर्पित : योगी आदित्यनाथ
वृंदावन (मथुरा)। कृष्णा कुटीर में विधवा माताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माताओं की रचनात्मक गतिविधियों से देश भर में ब्रज की ख्याति फैल रही है। यहां विधवा माताएं राधारानी की छांव के तले भक्ति के इस अभियान के साथ अपने आप को समर्पित कर रही हैं। बहुत सारी माताएं ऐसी हैं जो अलग-अलग प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों के साथ जुड़ी हुई हैं। कोई भजन संध्या के कार्यक्रम तो कोई अगरबत्ती बनाने या फिर तुलसी की माला पिरोने का काम बखूबी कर रही हैं। केंद्र और राज्य के सहयोग से संचालित अलग-अलग कार्यों से इन सब का जोड़ा गया है।
कहा कि वे एक ओर ईश्वर की आराधना तो दूसरा व्यस्त दिनचर्या में यह कार्यक्रम उन्हें कहीं न कहीं अपनों के अभाव से कुछ न कुछ मुक्ति देने में भी मदद करते होंगे। खासतौर पर होली के समय मंदिर में अर्पित किए जाने वाले पुष्पों को रंग और गुलाल के रूप में बदलने का कार्य इनके द्वारा किया है। यह रंग और गुलाल देश के अंदर हर संवैधानिक स्थल पर पहुंचा है। वृंदावन की माताओं के द्वारा बनाया गया रंग और गुलाल के साथ तुलसी पाउडर भी यहां से बनाया जाता है। यह उनकी अतिरिक्त आय और उनके स्वावलंबन का भी आधार बनता है। इसके साथ ही उन्हें यहां पर प्रौढ़ शिक्षा के कार्यक्रम के साथ जोड़ने का भी कार्यक्रम राज्य सरकार द्वारा चलाया गया है। संवाद
संस्था की प्रार्थना पर वृंदावन आए महामहिम : पद्मश्री विंधेश्वरी पाठक
वृंदावन की विधवा और निराश्रित महिलाओं के जीवन सुधार के लिए काम करने वाली संस्था सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक पद्मश्री विंधेश्वरी पाठक ने राष्ट्रपति के वृंदावन आगमन पर आभार जताया है। कृष्णा कुटीर आश्रय सदन में उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि राष्ट्रपति का माताओं से मिलने के लिए आना ही एक आश्वासन है। उन्होंने माताओं के दर्द को समझा, इसी लिए हमारे द्वारा एक बार प्रार्थना करने के बाद यहां आने का कार्यक्रम बनाया। उन्होंने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल वृंदावन की विधवा और निराश्रित माताओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए वर्ष 2012 से लगातार प्रयासरत है और हमारे प्रयास आज रंग भी ला रहे हैं। वृंदावन और बनारस की विधवा माताएं मुख्यधारा से जुड़ रहीं हैं। उन्होंने राष्ट्रपति का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने संवाद कार्यक्रम में उनकी संस्था और उनका नाम लेकर मान बढ़ा दिया है।
माताओं के लिए और बेहतर करेंगे : बेबीरानी मौर्य
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वृंदावन की विधवा और निराश्रित माताओं को मिल रहा है और हम देखेंगे कि इन माताओं के अच्छे जीवन के लिए क्या अधिक कर सकते हैं। यह कहना है बाल पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्य का। वह सोमवार को वृंदावन के कृष्णा कुटीर में आयोजित समारोह में आईं थीं। इस मौके पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि यहां रहने वाली माताओं को आयुष्मान कार्ड के साथ उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की पेंशन का लाभ मिल रहा है। पॉकेट मनी के साथ कपड़ों के लिए राशि मिल रही है। केंद्र सरकार द्वारा निर्मित कृष्णा कुटीर में क्या बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा सकती हैं इस पर काम किया जाएगा।
एक घंटे पहले बिहारीजी ने पायी भोग प्रसादी
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के चलते सोमवार को श्रीबांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी को करीब एक घंटे पहले भोग लगाए गए। इसके चलते करीब ११ बजे होने वाली राजभोग की परंपरा ९:३० बजे से १० बजे के मध्य निभाई गई। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भोग प्रसाद, आरती और दर्शन का समय नियत है। इसी परंपरा में राजभोग के दर्शन ११ बजे होते हैं लेकिन सोमवार को देश के राष्ट्रपति के परिवार सहित मंदिर आगमन और सुरक्षा के इंतजामों को देखते हुए राजभोग ९:३० बजे से १० बजे के मध्य कराए गए। इसमें श्रीबांकेबिहारी को कच्चा प्रसाद अर्पित किया जाता है।
नौ बजे तक किए भक्तों ने दर्शन
श्रीबांकेबिहारी मंदिर में राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कारणों से आम लोगों के लिए ठाकुरजी के द्वार सिर्फ प्रात:९ बजे तक खोले गए। करीब ७:३० बजे के बाद ९ बजे तक कड़ी सुरक्षा के बीच आम लोगों ने दर्शन किए। इसके बाद आम लोगों के लिए दर्शन पूरी तरह से रोक दिए गए। मंदिर में सिर्फ सेवा पूजा की परंपरा निभाई गई। राजभोग लगाए गए।

राष्ट्रपति के कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, एडीजी राजीव कृष्ण, आईजी नचिकेता झा, मंडलायुक्त अमित गुप्ता, डीएम नवनीत सिंह चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, मथुरा वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा, गोवर्धन विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, मांट विधायक राजेश चौधरी, महापौर डॉ. मुकेश आर्य बंधु, व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी किशन सिंह, कृष्णा कुटीर की अधीक्षिका शिल्पा व डीपीओ अनुराग श्याम रस्तोगी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
राष्ट्रपति का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- 9:45 मिनट पर वृंदावन कृष्णा कुटीर के पास बने हेलीपैड पर पहुंचे।
- सुबह 10:10 बजे ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचे।
- लभगग 40 मिनट तक ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर रहे और पूजन किया।
- 10:55 बजे राष्ट्रपति कृष्णा कुटीर पहुंचे।
- दोपहर 1:05 मिनट पर राष्ट्रपति दिल्ली गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed