मथुरा। अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज में संस्कृति, अध्यात्म और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी तथा अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन का।
इस मौके पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मुदरिया चोरी रासलीला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के वंदन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। रासलीला में तनु, विशाखा, वंशिका, महक, पायल, प्रार्थना, मोनिका समेत कॉलेज की दो दर्जन छात्राओं ने अभिनय और नृत्य से समा बांध दिया। रासलीला के निर्देशक प्रो. दिनेश खन्ना ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ब्रज की लुप्त होती कलाओं को उनके मूल और विशुद्ध रूप में पुनर्स्थापित करना है। विशिष्ट अतिथि महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि ब्रज संस्कृति के बिना भारतीय संस्कृति अधूरी है। डॉ. मांडवी राठौर और चंद्र प्रताप सिकरवार ने दर्शकों को मुदरिया चोरी लीला और राधा-कृष्ण के निस्वार्थ प्रेम के प्रसंग से अवगत कराया। तीन माह का प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।