सिपाही भर्ती परीक्षा: मथुरा में पकड़ा गया एक सॉल्वर व एक फर्जी परीक्षार्थी, रिश्तेदार की जगह दे रहा था पेपर
मथुरा में सिपाही भर्ती परीक्षा में एक सॉल्वर व एक फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। वह रिश्तेदार की जगह पेपर दे रहा था। अलीगढ़ का युवक नाम-पता और जाति बदलकर आरक्षित कोटे का परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने आया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में शनिवार को उप्र पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली के दौरान एक केंद्र पर सॉल्वर और दूसरे केंद्र पर फर्जी परीक्षार्थी पकड़ा गया। सॉल्वर अपने रिश्तेदार के स्थान पर परीक्षा देने आया था। वहीं, अलीगढ़ का युवक सामान्य कोटे से दो बार फेल होने के बाद इस परीक्षा में अपना नाम-पता और जाति बदलकर आरक्षित कोटे का परीक्षार्थी बनकर परीक्षा देने आया था।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मथुरा शहर कोतवाली इलाके में स्थित प्रेम देवी बालिका इंटर कॉलेज में पहली पाली में परीक्षा देने देवेंद्र कुमार पुत्र पप्पू निवासी भूरेखां, नौहझील पहुंचा। यहां बायोमेट्रिक मिलान के दौरान पाया गया कि युवक का नाम अंशुल शर्मा पुत्र पप्पू शर्मा निवासी चांदजोर, खैर, अलीगढ़ है।
उससे पूछताछ की गई तो उसने सच कबूल करते हुए बताया कि वह दो बार कुछ-कुछ अंकों से परीक्षा में फेल हो चुका है। इस बार सामान्य जाति की वजह एससी कोटे से उसने आवेदन किया था। आधार कार्ड में अपना नाम-पता बदलकर देवेंद्र कुमार पुत्र पप्पू निवासी भूरे खां, नौहझील कर लिया था।
रेटिना जांच में पकड़ में आया सॉल्वर
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के अनुसार मगोर्रा थाना क्षेत्र में स्थित जसवंत सिंह भदौरिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कोसी खुर्द, मगोर्रा केंद्र पर पंकज कुमार पुत्र नाहर सिंह निवासी सराय दाऊद, बलदेव के स्थान पर मौसम कुमार पुत्र बच्चू सिंह निवासी जरैलिया, नौहझील परीक्षा देने पहुंचा।
मौसम खुद को केंद्र पर चेकिंग के दौरान पंकज बताने लगा। बायोमेट्रिक जांच में वह पास भी हो गया। मगर, रेटिना (आंखों की पुतली) की जांच में पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने रिश्तेदार पंकज कुमार के स्थान पर परीक्षा देने के लिए आया था।
दोनों से पूछताछ जारी
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से तहरीर मिलते ही इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।