वृंदावन (मथुरा)। हरिद्वार से पहले वृंदावन में आयोजित होने कुंभ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को जनपद के शीर्ष अधिकारियों का दल मेला स्थल पहुंचा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद के वाइस चेयरमैन शैलजाकांत मिश्र के साथ अफसरों ने मेला क्षेत्र में चल रहे कार्यों को देखा। इस मौके पर मेला अधिकारी ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेंद्र प्रताप ने बताया कि निर्धारित समय पर मेला की सभी व्यवस्थाए पूरी होंगी।
उन्होंने बताया कि यमुना पार सिर्फ पार्किंग बनाई जाएगी। पुल के माध्यम से लोग मेला क्षेत्र में आ सकेंगे। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र को लेवलिंग करने का काम शुरू हो चुका है। परिक्रमा से यमुना तट तक के लिए सड़क निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है। यहां घाट का निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा किया जा रहा है। सभी विभागों को कार्यों का दायित्व सौंप दिया गया है। इस दौरान ब्रज तीर्थ विकास परिषद के वाइस चेयरमैन के साथ नगर य़ुक्त रविंद्र कुमार मांदड़ सहित विकास प्राधिकरण, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभागों के आलाधिकारी मौजूद रहे।