Farrukhabad: चीनी मांझा के विरोध में युवाओं ने निकाला जुलूस, हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकले
Farrukhabad News: संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि चीनी मांझा अगर बंद न हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझे को बेचने वाले को आजीवन और चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने पर सात साल सजा का कानून बने।
विस्तार
फर्रुखाबाद विकास मंच व फर्रुखाबाद काइट एसोसिएशन के तत्वाधान में चीनी मांझा के विरोध में जन चेतना यात्रा निकाली गई। युवाओं ने यात्रा के दौरान चीनी मांझा को बंद किए जाने की मांग की। बुधवार को टाउन हॉल से निकली यात्रा में युवा हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
यात्रा टाऊनहाल से बजरिया रोड होते हुए पलरिया, पल्ला मठिया, चौक, घुमना, खटकपुरा, साहबगंज, मनिहारी, नाला मछरट्टा से होती हुई लालगेट पहुंची, जहां समापन हो गया। फर्रुखाबाद विकास मंच के अध्यक्ष भइयन मिश्रा ने कहा कि चीनी मांझा बेहद खतरनाक है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ड्रोन कैमरे से की जाए निगरानी
फर्रुखाबाद काइट एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवेंद्र बाजपेई ने कहा कि चीनी मांझा अगर बंद न हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित मांझे को बेचने वाले को आजीवन और चाइनीज मांझा से पतंग उड़ाने पर सात साल सजा का कानून बने। छतों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाए। इस अवसर पर सुमित भल्ला, अतर हुसैन जाफरी और आकाश वर्मा रहे।