UP: बाजार में दिनदहाड़े युवक की निर्मम हत्या, चाकूओं से बेरहमी से गोदा...फट गया था हार्ट, CCTV फुटेज हुआ वायरल
Kanpur Crime: मूलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि उमाशंकर के भाई रमाशंकर की तहरीर पर रामू सिंह, उसके भाई सोनू सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
विस्तार
कानपुर में मूलगंज के हटिया बाजार में शनिवार सुबह सनसनीखेज वारदात हुई। दुकान में देरी से आने की बात पर दो कर्मचारियों में एक दिन पहले विवाद हुआ था। इससे नाराज एक कर्मचारी ने दुकान में घुसकर साथी कर्मचारी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। सरेआम हुई इस हत्या से बाजार में हड़कंप मच गया।
वहीं, वारदात से गुस्साए व्यापारी देर शाम मूलगंज थाने पहुंचे और पुलिस हिरासत में हत्यारोपी को पीट दिया। डीसीपी पूर्वी तेज प्रताप सिंह और एडीसीपी पूर्वी लाखन यादव ने व्यापारियों को समझाकर उन्हें शांत कराया। आरोपी रामू समेत चार के खिलाफ पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तीन को पकड़ लिया है।
हटिया निवासी प्रशांत मल्होत्रा की घर के पास ही न्यू उमा शारदा पूजन भंडार नाम से दुकान है। इनकी दुकान में कानपुर देहात के पुखरायां निवासी उमाशंकर द्विवेदी (36) और उन्नाव के शुक्लागंज निवासी रामू सिंह काम करते थे। प्रशांत ने बताया कि शुक्रवार सुबह उमाशंकर ने दुकान खोली।
तमाचे जड़कर दुकान से भगा दिया
रामू देर से दुकान पहुंचा, तो उमाशंकर ने टोक दिया। रामू के अपशब्द कहने पर विवाद हो गया और उमाशंकर ने उसे तमाचे जड़कर दुकान से भगा दिया। मूलगंज में ही गया प्रसाद लेन स्थित एक कास्मेटिक्स की दुकान में रामू का बड़ा भाई सोनू सिंह काम करता है। शाम को उसने सोनू से घटना बताई।
उमाशंकर के सीने में घुसेड़ दिया चाकू
इस पर रामू, बड़े भाई सोनू व दो साथियों के साथ शनिवार सुबह 10:50 बजे प्रशांत की दुकान पहुंचा। रामू ने दुकान में घुसकर उमाशंकर के सीने में चाकू घुसेड़ दिया और इसके बाद सब भाग गए। प्रशांत और परिवार के लोग घायल उमाशंकर को सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल ले गए।
चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
वहां से हैलट और फिर कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया गया। शाम को डॉक्टरों ने उमाशंकर को हैलट भेज दिया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मूलगंज पुलिस ने रामू सिंह, सोनू और एक साथी को दबोच लिया है। मूलगंज थाना प्रभारी ने बताया कि उमाशंकर के भाई रमाशंकर की तहरीर पर रामू सिंह, उसके भाई सोनू सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
15 दिन पहले रामू को रखा था काम पर
प्रशांत मल्होत्रा ने पुलिस को बताया कि उमाशंकर करीब पांच साल से दुकान में काम कर रहा था। वही दुकान संभालता था। अविवाहित उमाशंकर ने नौबस्ता में किराये पर कमरा ले रखा था, लेकिन ज्यादातर बाजार में ही रहता था। वहीं, रामू को 15 दिन पहले ही काम पर रखा था। रामू ने मामूली विवाद में उमाशंकर की हत्या कर दी। उसकी मौत से भाइयों रमाशंकर और नंदकिशोर के साथ ही मां शकुंतला का रोकर बुरा हाल रहा।
फट गया था हार्ट, दो घंटे नहीं मिला इलाज
डॉक्टरों ने बताया कि चाकू से प्रहार से उमाशंकर का हार्ट फट गया था। प्रशांत ने बताया उसके मुंह से खून निकलने लगा था। हैलट लेकर पहुंचे तो कार्डियोलॉजी रेफर कर दिया। कार्डियोलॉजी के डॉक्टरों ने उमाशंकर को हैलट रेफर कर दिया। हैलट के डॉक्टरों ने कहा कि उमाशंकर का हार्ट पंचर हुआ है, इसे कार्डियोलॉजी ले जाओ। तमाम मिन्नतें करने के बाद भी रेफर कर दिया। इस दौरान बिना इलाज के दो घंटे बीत गए और और हैलट में ही उसकी मौत हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज हुआ वायरल
उमाशंकर पर हत्यारोपियों के जानलेवा हमला करने की पूरी वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे कैद हुई है। उमाशंकर की मौत के बाद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने भी फुटेज को कब्जे में लिया है।