ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से औरैया की महिला की झींझक में मौत, दो बच्चों समेत तीन घायल
कानपुर देहात के झींझक में सोमवार सुबह परजनी हॉल्ट पर फफूंद-कानपुर मेमो में चढ़ते समय पैर फिसलने से गिरी महिला की मौत हो गई। उसके दो बच्चों समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मृतका के एक बेटे को जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। औरैया के थाना दिबियापुर नौगवां निवासी राधारमन की पत्नी नीलम (40), अपनी पुत्री अर्चना (15) और पुत्र सत्यम (4) के साथ रविवार की शाम मंगलपुर थाना क्षेत्र के गांव अनंतपुर भांजी पिंकी की ससुराल आई थी।
तभी अप लाइन पर राजधानी एक्सप्रेस आ गई। हड़बड़ाहट में पैर फिसलने से नीलम के साथ तीनों बच्चे नीचे पटरी पर गिर गए। नीलम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका का पुत्र सत्यम, भांजी सोनी और उसका पुत्र राज घायल हो गए। मृतका के पुत्र सत्यम को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया। पिंकी ने बताया कि उसके पति चंद्रकुमार दिल्ली में नौकरी करते हैं। औरैया निवासी उसके मामा राधारमन मजदूरी करते हैं।
बेटी के हाथ पीले नहीं कर सकी
मृतका के पति राधारमन ने बताया कि उसने अपनी बड़ी पुत्री कंचन लता का विवाह अमानपुर सहायल के अंकित के साथ तय किया है। फरवरी में विवाह होना है। ऐसे में उसकी पत्नी नीलम की मौत के बाद मानो सभी पर दुखों का पहाड़ टूटा है। बताया कि उसके चार पुत्रियां कंचन लता (18), अर्चना (15), किरन (13), पूजा (11) हैं। एक पुत्र सत्यम (4) वर्ष है। बड़ी पुत्री की शादी तय होने से पत्नी बहुत खुश थी, लेकिन बेटी के हाथ पीले नहीं कर सकी।