Kanpur News: केडीए और निजी जमीन पर वसी के साझेदार ने तान दी थी बहुमंजिला इमारत, जमींदोज होगी छह मंजिला इमारत
जाजमऊ में चंदारी गांव में बने अपार्टमेंट के टीएस सर्वे के आधार पर एसडीएम सदर ने डीएम को रिपोर्ट भेजी है। चंदारी की 1055 की बजाय 1077, 1078 व 1079 और गज्जूपुरवा की आराजी संख्या 635 के हिस्सों पर इमारत खड़ी है।
विस्तार
कानपुर में परेड बवाल के मास्टर माइंड हयात जफर हाशमी को फंडिंग करने के आरोपी बिल्डर हाजी वसी के साझेदार अब्दुल रहमान की जाजमऊ में अवैध रूप से बनी बहुमंजिला इमारत पर संकट के बादल छा गए हैं। सोमवार देर रात इस इमारत के टोटल स्टेशन (टीएस) सर्वे से पता चला है कि चंदारी गांव की जिस आराजी संख्या 1055 पर इमारत खड़ी होने का दावा किया गया था, वह झूठा है।
इमारत 1055 पर नहीं बल्कि चंदारी गांव की आराजी संख्या 1077 पार्ट, 178 पार्ट, 1079 पार्ट के अलावा गज्जू पुरवा की आराजी संख्या 635 पार्ट पर तनी हुई है। आराजी संख्या 1077 अभिलेखों में बंजर के खाते में दर्ज है और प्राधिकरण की विकसित योजना के अंतर्गत स्थित है। वहीं, आराजी संख्या 1078 और 1079 निजी काश्तकार के नाम दर्ज हैं।
जाहिर है केडीए और निजी काश्तकार की जमीन पर अपनी इमारत खड़ी करने पर अब वसी के साझेदार की मुश्किलें बढ़ना तय है। एसडीएम सदर अनुराज जैन ने बताया कि टीएस सर्वे की रिपोर्ट के साथ आख्या डीएम को भेज दी गई है। अब वहां से जैसे आदेश आएंगे, उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
जमींदोज होगी छह मंजिला इमारत
जिला प्रशासन और केडीए की संयुक्त टीम की जांच में यह स्पष्ट हो गया कि यह छह मंजिला अवैध निर्माण उस आराजी में नहीं हुआ है जिसका बैनामा बिल्डर ने कराया था। चूंकि जमीन केडीए और निजी काश्तकार की है और शासन के निर्देश पर सरकारी या निजी जमीन पर किसी तरह के अवैध निर्माण या कब्जे को खाली कराने के लिए आदेश पहले से लागू हैं। ऐसे में यह तय है कि इस बहुमंजिला इमारत पर जल्द ही बुलडोजर चलेगा।
सटीक जानकारी देता है टीएस सर्वे
टीएस सर्वे जमीन की पैमाइश का इलेक्ट्रानिक माध्यम है। इस इलेक्ट्रानिक तरीके से जमीन की सटीक जानकारी मिलती है।