Unnao YouTuber Case: तीन करोड़ की दो और लग्जरी कारें सीज, दिल्ली से लैंड रोवर डिफेंडर और बीएमडब्ल्यू कार जब्त
Unnao News: यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी की दिल्ली स्थित घर से तीन करोड़ की दो लग्जरी कारें ईडी ने जब्त की हैं। अवैध सट्टेबाजी और हवाला के जरिए दुबई में निवेश करने के आरोपी अनुराग के खिलाफ जांच तेज हो गई है।
विस्तार
उन्नाव जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी के खिलाफ एक और कार्रवाई करते हुए दिल्ली स्थित घर से दो लग्जरी कारें जब्त की हैं। इनकी कीमत करीब तीन करोड़ बताई जा रही है। मालूम हो कि ईडी ने अवैध सट्टेबाजी में लिप्त यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी के घर पर 17 दिसंबर को छापा मारा था।
टीम नवाबगंज ब्लाॅक के खजूर गांव में उसके पैतृक मकान और नवाबगंज कस्बा व लखनऊ और दिल्ली सहित दस ठिकानों पर एक साथ छापा मारा था। उन्नाव और लखनऊ से ईडी ने बीस करीब कीमत की चार लग्जरी कार और आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और 20 लाख रुपये जब्त किए थे। ईडी के मुताबिक दस्तावेजों से अनुराग का हवाला के जरिए दुबई में किए गए रियल एस्टेट निवेश का भी खुलासा हुआ है।
नवाबगंज निवासी परिवार परेशान
इसके साथ ही उन्नाव और लखनऊ में तीन करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की थी। एक जनवरी 2026 को अनुराग द्विवेदी के दिल्ली स्थित घर से दो लग्जरी कार इनमें लैंड रोवर डिफेंडर और बीएमडब्ल्यू जेड फोर जब्त की हैं। इसके साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किए गए हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से नवाबगंज निवासी परिवार परेशान हैं।
इस तरह अनुराग तक पहुंची ईडी
ईडी ने यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी, जो अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन से संबंधित थी। जांच में पता चला कि सोनू कुमार ठाकुर और विशाल भारद्वाज नामक अभियुक्तों द्वारा सिलीगुड़ी से हवाला खातों और डिजिटल प्लेटफार्मों का उपयोग करके एक ऑनलाइन सट्टेबाजी पैनल संचालित किया जा रहा था।
कई समन के बावजूद पेश नहीं हुआ
ईडी की जांच में पता चला कि अनुराग सक्रिय रूप से अवैध सट्टेबाजी प्लेटफार्मों को बढ़ावा दिया, हवाला चैनलों और डमी खातों के माध्यम से अपराध की कमाई की। उसने इन पैसों से दुबई में अचल संपत्ति खरीदी। यह भी पाया गया कि द्विवेदी भारत छोड़ चुका है और वर्तमान में दुबई में रह रहा है। ईडी के कई समन के बावजूद वह पेश नहीं हुआ।