उन्नाव सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत और एक घायल, चालक फरार
Unnao News: रात में उधर से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों की सूचना पर पहुंचे एसओ ने तीनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि परिजन श्यामू को प्राथमिक उपचार के बाद घर लेकर चले गए।
विस्तार
उन्नाव जिले में बछरावां-मौरावां मार्ग पर मटेहना गांव के पास तेज रफ्तार गिट्टी लगे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा घायल हो गया। सभी रायबरेली जिले के मैनाहार कटरा गांव से सोमवार रात दो बजे नौटंकी देखकर लौट रहे थे।
घटना के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। उसे रास्ते से गुजर रहे अन्य वाहन सवार लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को स्वास्थ्य केंद्र लाई। दो के मृत घोषित होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, तीसरे घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद परिजन उसे घर लेकर चले गए।
दो मौतों की सूचना घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। थाना क्षेत्र के गांव रामकिशन खेड़ा निवासी रामबाबू उर्फ लाला लोधी (30) गांव के ही साथी राजेंद्रप्रसाद लोधी की बेटे अमरलाल (18) और श्यामू (30) के साथ एक बाइक पर सोमवार देर शाम रायबरेली जिले के गांव मैनाहार कटरा में चल रही नौटंकी देखने गए थे।
दूसरी नौटंकी देखने जा रहे थे युवक
रात करीब दो बजे नौटंकी देखकर तीनों हिलौली में चल रही दूसरी नौटंकी देखने जा रहे थे। बाइक रामबाबू चल रहा था। बछरावां-मौरावां मार्ग पर मटेहना गांव की मोड़ के पास तेज रफ्तार गिट्टी लगे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रामबाबू और अमरलाल की मौत हो गई, जबकि श्यामू को मामूली चोटें आईं।
चालक की तलाश की जा रही है
रात में उधर से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों की सूचना पर पहुंचे एसओ ने तीनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टर ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि परिजन श्यामू को प्राथमिक उपचार के बाद घर लेकर चले गए। थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में लिया गया है। चालक भाग गया था, उसकी तलाश की जा रही है।
मजदूरी कर परिवार का करते थे पालन पोषण
हादसे का शिकार हुए रामबाबू और अमरलाल मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। पति रामबाबू की मौत से पत्नी फूलकुमारी मां नन्हका सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। दो बच्चों में शिवा (9) और अंशिका (2) साल की है। मृतक अमरलाल पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर जा था। यह भी मजदूरी करता था।