Unnao: आजिज किसानों ने मवेशियों को ब्लॉक कार्यालय परिसर में किया बंद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उन्नाव जिले के औरास में किसानों ने सोमवार सुबह दस बजे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं की मदद से सौ से अधिक मवेशियों को खदेड़ कर ब्लाक कार्यालय परिसर में बंद कर दिया। किसानों ने ब्लॉक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने की मांग की। दोपहर में सभी मवेशियों को गोशाला भेजने के बाद शांत हुए।
विकासखंड के अलग-अलग गांवों के आधा सैकड़ा किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के नेता राजपाल यादव व शिवकुमार गुल्ला की अगुवाई में खेतों में फसलें बर्बाद कर रहे छुट्टा मवेशियों को खदेड़ कर ब्लाक कार्यालय परिसर में अंदर कर गेट बंद कर दिया। छुट्टा मवेशियों का उत्पात देख ब्लाक के कर्मचारी व अधिकारियों का पसीना छूट गया। मवेशियों से निजात दिलाने की मांग लेकर किसान ब्लाक प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और धरने पर बैठ गए। यूनियन के नेताओं ने ब्लाक प्रशासन को चेतावनी दी कि एक भी छुट्टा मवेशी खेतों में मिला तो बड़ा आंदोलन होगा।
कहा कि आप लोगों की लापरवाही से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है जिससे किसान आहत हैं। ब्लाक परिसर में मवेशियों के उत्पात से बचाव के लिए बीडीओ व अन्य अधिकारी गुणा भाग लगाते रहे। इस दौरान करीब तीन घंटे ब्लाक परिसर में काम बाधित रहा। दोपहर एक बजे खंड विकास अधिकारी मुनेश चंद्र ने परिसर से सभी मवेशियों को औरास की गोशाला भेज दिया। बीडीओ मुनेश चंद्र ने बताया कि अभी कान्हा गोशाला में मवेशी भेजे गए हैं। यहां से बहादुुरपुर खंझड़ी, बिसवल और शरीफाबाद गांव की गोशालाओं में भेजा जाएगा।