Unnao: पुरानी रंजिश में दिनदहाड़े किसान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, गांव में भारी फोर्स तैनात
यूपी के उन्नाव जिले में किसान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
विस्तार
उन्नाव जिले के शुक्लागंज कोतवाली में गंगा घाट के जाजमऊ चौकी क्षेत्र के कर्मी बिजला मऊ गांव स्थित एक खाली प्लाट के निकट लकड़ी काट रहे किसान की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर जांच करने अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह सहित दो थानों का फोर्स पहुंचा।
ग्राम कर्मी बिजला निवासी गणेशी (35) पुत्र स्वर्गीय हीरालाल सोमवार दोपहर लकड़ी काटने के लिए गांव के निकट स्थित एक खाली प्लाट पर गए हुए थे। जहां पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की ही कुल्हाड़ी से उसके गले में वार कर हत्या कर दी। काफी देर तक जब युवक अपने घर नहीं पहुंचा तो मृतक की भाभी रामदुलारी मौके पर पहुंचीं। जिन्होंने अन्य परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक समेत दो थानों का फोर्स पहुंचा। इस दौरान मृतक की भाभी ने कर्मी बिजला मऊ त्रिभुवन खेड़ा और प्रीतम खेड़ा निवासी 9 लोगों के हत्या में शामिल होने की बात कही है। अपर पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। मृतक के परिजनों का कहना है कि 1 साल पहले क्रिकेट का विवाद हुआ था। जिसके बाद प्रधानी चुनाव को लेकर गांव के ही दद्दन सिंह से खुन्नस चल रही थी।