रूरा (कानपुर देहात)। कस्बे में आरओबी निर्माण के बाद एक किमी लंबाई में दो हिस्सों में कस्बा बंटने को लेकर व्यापारियों व आमजन में दिक्कतें बढ़ने की आशंका है। रविवार को मिनी अंडरपास की मांग कर गणपति वाटिका में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के पहले दिन 4820 लोगों ने हस्ताक्षर किए। दस हजार हस्ताक्षर तक अभियान जारी रहेगा।
कस्बे में नहर रोड पर इंटर कॉलेज व महाविद्यालय हैं। भटौली रोड व अकबरपुर रोड पर व्यापारिक प्रतिष्ठान, अस्पताल, बैंकें व अन्य सरकारी कार्यालय हैं। आरओबी निर्माण से लोगों को एक किमी का चक्कर लगाकर आना जाना पड़ेगा। स्कूली बच्चों व बुजुर्गों को दिक्कत होगी। मिनी अंडर पास की मांग के लिए हस्ताक्षर अभियान में सदर विधायक प्रतिभा शुक्ला ने भी शिकरत की। यहां सैकड़ों स्थानीय लोग पहुंचे और अभियान का समर्थन कर हस्ताक्षर किए। विधायक ने यहां कहा कि उनकी ओर से मिनी अंडर पास की मांग अफसरों तक पहुंचाई जाएगी। मिनी अंडरपास बनने से वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। यहां अनूप कुमार सिंह, शैलेंद्र सिंह राजावत, विवेक ओमर, भगवान सिंह, दिलीप कुमार सिंह मुन्ना, बउवा त्रिवेदी, केजी पांडेय, वंशलाल सेंगर आदि रहे। अभियान से जुड़े व्यापारी नेता विवेक ओमर व देवेंद्र सिंह ने बताया कि अफसरों को हस्ताक्षरित ज्ञापन दिया जाएगा। सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट में जनहित याचिका डाली जाएगी।