यूपी: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 50 ओवरलोड ट्रकों के काटे चालान, अधिकारियों को लगाई फटकार
योगी सरकार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को स्वयं खड़े होकर ओवरलोडिंग ट्रकों के चालान कटवाए। उन्हें सूचना मिली थी कि अलियापुर टोल के पास बड़े पैमाने पर मौरंग भरे ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही होती है।
विस्तार
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को घाटमपुर के अलियापुर टोल प्लाजा के पास खड़े 50 ओवरलोड ट्रकों के चालान कराए। वह महोबा से कानपुर की तरफ आ रहे थे। इस दौरान घरों के आसपास लाइन से मौरंग-गिट्टी लदे ओवरलोड ट्रक दिखे तो वहीं रुक गए। मौके पर मौजूद आरटीओ अफसरों से सभी ट्रकों के चालान कराए।
दरअसल, जिलाधिकारी के निर्देश पर 13 अप्रैल से ओवरलोडिंग करने वाले ट्रकों के खिलाफ अभियान चल रहा है। कार्रवाई से बचने के लिए तीन दिनों से ये ट्रक कानपुर-सागर हाईवे पर चेकिंग खत्म होने का इंतजार कर रहे थे। इस बीच परिवहन मंत्री की निगाह इन पर पड़ी तो कार्रवाई की जद में आ गए। परिवहन मंत्री की इस कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद परिवहन विभाग के अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। मंत्री ने विभागीय अफसरों को फटकार लगाई और सवाल किया कि ऐसे ओवरलोड ट्रकों पर पहले उनकी निगाह क्यों नहीं गई।
इस पर विभागीय अफसर चुप्पी साधे खड़े रहे। दयाशंकर सिंह महोबा से लखनऊ जा रहे थे। उन्हें जानकारी मिली थी कि अलियापुर टोल के पास बड़े पैमाने पर मौरंग भरे ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही होती है।
तीन दिन में 120 गाड़ियों के चालान, 46 लाख वसूले
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने ओवरलोड ट्रकों और खनन माफिया के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इस पर परिवहन विभाग, खनन विभाग के अधिकारी और सीओ की मौजूदगी में तीन दिन से कार्रवाई की जा रही थी। इस दौरान खनन विभाग ने 40 गाड़ियां पकड़ीं और 17 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला। जिन वाहनों पर कार्रवाई की गई, उनमें ट्रकों की ओवरलोडिंग, कागजातों की कमी के मामले सामने आए। परिवहन विभाग ने 80 वाहनों के चालान कराकर 29 लाख रुपये वसूले। इसके चलते ही 50 ट्रक अलियापुर टोल के पास खड़े कर दिए गए थे, जिनका परिवहन मंत्री ने चालान कराया।
हमीरपुर से घाटमपुर के बीच पड़ने वाले अलियापुर टोल से ही ओवरलोड ट्रकों को गुजारने का खेल शुरू होता है। ट्रकों में बीच नदी से भरकर मौरंग लाई जाती है। यहां पर पुलिस, खनन और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की मिलीभगत होती है। हजारों की संख्या में ट्रकों की आवाजाही होने से इस राजमार्ग पर जाम भी लगता है। तब पुलिस यहां पर ट्रकों को किनारे खड़ा करा देती है। जाम और नो इंट्री खत्म होने के बाद ट्रकों को पास करा दिया जाता है। कभी-कभी नो इंट्री में भी ओवरलोड और अवैध तरह से मौरंग-गिट्टी ले जाने वाले ट्रकों को गुजार दिया जाता है।