Mahoba: मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, तीनों पर दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
Mahoba News: श्रीनगर व अजनर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में तीन शातिरों को गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, 34 हजार रुपये व तमंचे बरामद किए गए हैं। शातिर अपराधियों पर हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विस्तार
महोबा जिले में शातिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन लगड़ा अभियान जारी है। 24 घंटे के अंदर पुलिस ने तीसरी मुठभेड़ में तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक अपराधी के पैर में गोली लगने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, तमंचे और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों पर हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में शनिवार को पुलिस ने श्रीनगर व अजनर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। जिनमें से दो के पैर में गोली लगी थी।
एक के पैर में लगी गोली, दो को घेरकर पकड़ा
रविवार की सुबह स्वॉट टीम प्रभारी शिवप्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी रविकुमार सिंह और थानाध्यक्ष पनवाड़ी गुलाब त्रिपाठी को सूचना मिली कि गुगौरा मार्ग पर चोरी व लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी खड़े हैं। टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बचाव करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। इसमें एक आरोपी सुशील विश्वकर्मा निवासी गोरखा, चरखारी के पैर में गोली लगी, जबकि प्रकाश राजपूत और दिलीप नायक को घेराबंदी कर पकड़ा गया।
तीनों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, तीन कारतूस, चोरी के आभूषण, नकदी व बाइक बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि एसओजी और थाना पनवाड़ी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को पकड़ा है। एक के पैर में गोली लगी है। पकड़े गए अपराधी सुशील विश्वकर्मा के खिलाफ चार, प्रकाश के खिलाफ आठ व दिलीप नायक के खिलाफ पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।